Connect with us

“भारत कोकिला” सरोजिनी नायडू !!

आलेख

“भारत कोकिला” सरोजिनी नायडू !!

(13 फरवरी 1879 – 2 मार्च 1949)

नीरज कृष्ण

भारतीय राजनीति और भारतीय कविता के परस्पर विरोधी द्वीपों को एक दूसरे से जोड़ने वाले सेतुओं की संख्या बहुत अधिक नहीं है। ऐसे लोग बहुत कम हैं, जिन्होंने राजनीति के गंदे मैदान में भटकते हुए भी कविता के आँगन झांकना छोड़ नहीं दिया है। ऐसी महिलाओं की संख्या तो और कम है, जिनकी उपस्थिति राजनीति और कविता के भारतीय परिदृश्य में एक साथ उपलब्ध है। राजनीति और कविता के शिखरों को एक साथ स्पर्श करने वाली सरोजिनी नायडू का नाम अपने आप में किसी एवरेस्ट से कम नहीं है। उन्हें गांधी जी ‘भारत कोकिला’ कहते थे और रविंद्रनाथ टैगौर उन्हें ‘Nightingale of India’ मानते थे। उन्हें इकबाल ने ‘हिंदुस्तान की बुलबुल’ कहा था। कालांतर में सारे देश ने सरोजिनी नायडू को ‘भारत कोकिला’ मान लिया तो इसमें तनिक भी अस्वाभाविक नहीं था। राजनीतिक मंचों पर उनकी सुमधुर आवाज गर्जना में बदल जाती थी और कविताओं में इस कोकिला के सुर रहस्य के विलक्षण माधुर्य का अनुभव करते थे। सरोजिनी नायडू ने अंग्रेजी की रोमांटिक कविताओं से अपनी गतिविधियों को प्रारम्भ किया था और स्वाधीनता संघर्ष की जोरदार ललकार में जीवन का उत्कर्ष अर्जित किया।
 सरोजिनी नायडू का जन्म 13 फ़रवरी 1879 को ब्रह्मनगर में हुआ था जो अब बांग्लादेश में है। इनके पिता अघोरनाथ चटोपाध्याय आंध्र प्रदेश में आकर बस गए थे और हैदराबाद कॉलेज के संस्थापक-प्राचार्य बने। यही हैदराबाद कॉलेज अब उस्मानिया विश्वविद्यालय बन गया है। हैदराबाद में ही सरोजनी के बाद के सभी सात भाई-बहनों का जन्म हुआ। उनके घर में बंगला, हिंदी, तेलुगु और अंग्रेजी भाषा का सामान रूप से प्रयोग होता था और सरोजिनी सभी भाषाएँ सामान रूप से बोलती थी। प्रारंभ में उन्हें अंग्रेजी बोलने में असुविधा होती थी जिसके कारण वह अंग्रेजी बोलने से इनकार कर देती थीं फलस्वरूप उनके पिता दण्ड के रूप में उन्हें दिन भर के लिए कमरे में कैद कर दिया। तब कौन जनता था कि अंग्रेजी भाषा से भागने वाली सरोजनी एक दिन अंग्रेजी की प्रखर वक्ता और महत्वपूर्ण कवयित्री के रूप में प्रसिद्ध होगी।
सरोजिनी नायडू की प्रारंभिक शिक्षा चेन्नई में हुई थी और 19 वर्ष की उम्र में उनके पिता ने उन्हें पढ़ने के लिए 1896 में इंग्लेंड भेज दिया। वहां किंग्स कॉलेज और केम्ब्रिज में नामांकन के वावजूद सरोजिनी 1898 में बिना कोई भी उपाधि लिए भारत लौट गयीं। इंग्लेंड से लौटते ही उनका विवाह उनसे 10 वर्ष बड़े डॉ. गोविन्द राजुलू  नायडू से हो गया, जिनसे वह प्रेम भी करती थीं। उनकी सुपुत्री पद्मजा नायडू स्वाधीन भारत में पश्चिम बंगाल की राज्यपाल भी बनी थी।
पारिवारिक दायित्वों के बीच सरोजिनी नायडू ने बीसवीं शताब्दी के प्रारंभिक वर्षों में अपने राजनीतिक जीवन का प्रारंभ किया। वे 1903 में राजनीतिक सभाओं में भाषण देने लगीं और 1905 में स्वदेसी आन्दोलन में पूरी तरह से सक्रीय हो गयी। राजनीतिक जीवन के प्रारंभिक वर्षों में उन पर गोपाल कृष्ण गोखले का भरपूर प्रभाव था, क्यूंकि 1902 में गोखले ने ही उन्हें देश सेवा की प्रेरणा दी थी। गोपाल कृष्ण गोखले का इतना व्यापक प्रभाव सरोजिनी नायडू के चिंतन और कार्य पर था कि 1915 में उन्होंने गोखले पर एक पुस्तक भी लिखी।
 इस समय तक भारतीय राजनीति में महात्मा गाँधी का प्रादुर्भाव हो गया था। पहली बार 1914 में महात्मा गाँधी से सरोजिनी नायडू मिली और इसके बाद गाँधी जी के राष्ट्रीय  आन्दोलन में सरोजिनी का महत्व बढ़ता ही गया। सरोजिनी नायडू को 1925 में अखिल भारतीय कांग्रेस के कानपुर अधिवेशन का अध्यक्ष बनाया गया। वह इस पद पर प्रतिष्ठित होने वाली पहली महिला थी। वह पूरे जोश के साथ कांग्रेस के कानपुर अधिवेशन में गरज रही थी कि स्वाधीनता संघर्ष में भय एक अक्षम्य विश्वासघात है और निराशा एक अक्षम्य पाप। कांग्रेस अध्यक्षा के रूप में उन्होंने अपनी प्रतिभा और क्षमता का भरपूर प्रदर्शन किया तथा स्वाधीनता संग्राम में लगातार सक्रीय रहीं।
महात्मा गाँधी ने 5 अप्रैल 1930 को दांडी में नमक सत्याग्रह का आयोजन किया, तब ब्रिटिश सरकार के कानून के खिलाफ नमक बनाने में सरोजिनी नायडू गाँधी जी के साथ ही थी। ब्रिटिश फौज ने कई बार उन्हें गिरफ्तार भी किया, लेकिन उनका देश प्रेम कभी कम नहीं हुआ। अंततः भारत स्वतंत्र हुआ और सरोजिनी नायडू स्वाधीन भारत में उत्तर प्रदेश की पहली राज्यपाल नियुक्त की गयीं। सरोजिनी नायडू गाँधी जी की हत्या से बहुत आहत हुईं और इसी दुःख और संताप में बीमार हो गयी तथा सत्तर वर्ष की उम्र में 2 मार्च 1949 को लखनउ में भारत कोकिला हमेशा के लिए शांत हो गयी।
  सरोजिनी नायडू का कोकिलापन उनकी कविताओं में एक नयी शैली और नयी आभा के साथ उजागर हुआ है। उन्हें राजनेत्री के रूप में पहचानने वालों के लिए उनकी स्वछन्द्वादी कविताओं का मनोरम संसार आश्चर्यकारी  है। सिर्फ तेरह वर्ष की उम्र में सरोजिनी नायडू ने सिर्फ छह दिन में तेरह सौ पंक्तियों की लम्बी कविता ‘ऐ लेडी ऑफ़ द लेक’ लिखी। इसी दौर में उन्होंने दो हजार पंक्तियों का एक काव्य नाटक भी लिखा। उनका लेखन एक ऐसी भाषा में हो रहा था, जिसमे लिखना और बोलना उन्हें बिल्कुल पसंद नहीं था। उनकी संवेदना और अभिव्यक्ति पर अंग्रेजी के शैली और कीट्स जैसे रोमांटिक कवियों का प्रभाव दीखता है। प्रकृति और स्वप्न जगत पर आधारित कवितायेँ युवावस्था में कदम रखती सरोजिनी ने खूब लिखी थी। स्वप्न का संगीत, निलाम्बुजा, एक फूल, एक हंसी, एक आंसू, एक पंक्षी जैसी कविताओं के शीर्षक ही उनकी रोमांटिक प्रकृति को इंगित करते हैं। उनकी कविताओं का पहला संग्रह ‘दि गोल्डन थ्रेशौल्ड’ 1905 में प्रकाशित हुआ, जिसके पांच संस्करण बाद में प्रकाशित हुए। ‘दि सोंग ऑफ़ ए ड्रीम’ शीर्षक कविता की पंक्तियाँ युवा सरोजिनी नायडू की भावनाओं को व्यक्त करती है- ‘एक बार मैं खड़ी थी निशा स्वप्न में/ अकेले जादुई वन के उजाले में/ आत्मा तक डूबी हुई/ लाल फूलों जैसे सपनों में’। ‘दि वर्ड ऑफ़ टाइम’, का प्रकाशन 1912 में हुआ, जिसमें उनकी ठेठ स्वछदतावादी कविताओं का प्रौढ़ रूप नजर आता है। आज के स्वप्न और कल की आशा को समर्पित उनकी कवितायेँ ‘दि ब्रोकन विंग’ में एकत्र हुई, जिसका प्रकाशन 1917 में हुआ था। वर्ष 1937 में उनकी कविताओं का एक संग्रह ‘सेप्तर्ड फ्लूट’ नाम से भी छपी, जो उनकी बिखरी हुई कविताओं का एक संग्रह है। उनकी चुनी हुई कविताओं का एक संग्रह उनके निधन के बहुत बाद 1961 में ‘फेदर ऑफ़ डॉन’ नाम से प्रकाशित हुई।
  स्वछंदतावादी भारतीय कविता के इतिहास में सरोजिनी नायडू का इतना महत्वपूर्ण स्थान है कि 1917 में प्रकाशित ‘दि ऑक्सफ़ोर्ड बुक ऑफ़ इंग्लिश मिस्टिक वर्ल्ड’ में उनकी तीन कवितायेँ संकलित हैं। उन्ही में से एक कविता ‘पद्दम पर आसीन बुद्ध के प्रति’ में उन्होंने लिखा है- ‘हमारे लिए संताप और ताप/ हमारे अभिमान के टूटे रहस्य/ पराजय के कलान्तिमय पाठ/ फूल अपसारित व फल निषिद्ध/ किन्तु नहीं है शांति/ श्रेष्ठ जय से प्राप्त/ भगवान् बुद्ध तुम्हारे पद्मासन की’। 
राजनीति से कविता तक और कविता से नारी जागरण तक सरोजिनी नायडू ने भारत कोकिला के दायित्व का पालन किया, इसमें कोई संदेह नहीं है। एक ओजस्वी वक्ता, विलक्षण हस्ताक्षर, प्रखर राजनेत्री, एक विरल प्रतिभा और हमारी अमूल्य धरोहर सरोजिनी नायडू का स्मरण हमारे समय की एक अनिवार्यता है।   
 

Continue Reading
You may also like...

More in आलेख

Trending News

Follow Facebook Page

About Us

उत्तराखण्ड की ताज़ा खबरों से अवगत होने हेतु संवाद सूत्र से जुड़ें तथा अपने काव्य व लेखन आदि हमें भेजने के लिए दिये गए ईमेल पर संपर्क करें!

Email: [email protected]

AUTHOR DETAILS –

Name: Deepshikha Gusain
Address: 4 Canal Road, Kaulagarh, Dehradun, Uttarakhand, India, 248001
Phone: +91 94103 17522
Email: [email protected]