उत्तराखण्ड
हरिद्वार में 10 हजार रुपये रिश्वत लेते महिला एएसआई गिरफ्तार।

संवादसूत्र देहरादून: हरिद्वार के रानीपुर थाने में तैनात महिला सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) सोनिया को सतर्कता विभाग की टीम ने 10 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोप है कि महिला एएसआई ने शिकायतकर्ता का दूसरे पक्ष के साथ लेनदेन का विवाद सुलझाकर मामला निपटाने के एवज में रिश्वत की मांग की थी।
सतर्कता विभाग के अनुसार, शिकायतकर्ता ने इस संबंध में भ्रष्टाचार की शिकायत टोल फ्री नंबर 1064 पर दर्ज कराई थी। शिकायत की जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद पुलिस अधीक्षक, सतर्कता सेक्टर देहरादून ने कार्रवाई के लिए विशेष टीम गठित की। इसके बाद मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया।
शनिवार, 10 अक्टूबर को सतर्कता टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए महिला एएसआई सोनिया को शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
सतर्कता विभाग ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है, तो इसकी शिकायत टोल फ्री नंबर 1064 पर दर्ज कराएं। विभाग ने भ्रष्टाचार के खिलाफ शिकायत करने और ऐसी गतिविधियों की जानकारी संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने का आग्रह किया है।



