उत्तराखण्ड
25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक चलेगा ‘सेवा सेतु, सरकार आपके द्वार’ अभियान।

संवादसूत्र देहरादून: सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रदेशभर में 25 सितंबर से 7 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा सेतु, सरकार आपके द्वार’ शिविर आयोजित किए जाएंगे। शनिवार को सचिवालय में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल की अध्यक्षता में अभियान की तैयारियों को लेकर बैठक हुई। उन्होंने कहा कि सभी जनपदों में ब्लॉक और तहसील स्तर पर शिविर लगाकर आमजन को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि शिविरों में स्वास्थ्य एवं बहुउद्देशीय कैंप के साथ केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए विभिन्न विभागों के स्टॉल और प्रदर्शनी लगाई जाएंगी। पात्र लाभार्थियों का चयन कर उन्हें मौके पर योजनाओं से जोड़ा जाएगा। विशेषज्ञ चिकित्सकों की मौजूदगी में मेडिकल कैंप लगाने के साथ ट्री प्रोटेक्शन एक्ट और मानव-वन्यजीव संघर्ष के संबंध में भी लोगों को जागरूक किया जाएगा।
उन्होंने सभी जिलाधिकारियों को शिविर की तिथि, स्थल, नोडल अधिकारी, योजनाओं और विभागीय उपलब्धियों सहित विस्तृत कार्ययोजना उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पूर्व में आयोजित ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रमों से अलग स्थानों पर शिविर आयोजित किए जाएं, ताकि अधिक से अधिक लोगों को योजनाओं का लाभ मिल सके। शिविरों के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए होर्डिंग और बैनर लगाने के निर्देश भी दिए गए।
राज्य आपदा प्रबंधन के उपाध्यक्ष डॉ. विनय रोहिला ने बताया कि ‘सेवा सेतु’ अभियान 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक चलेगा। प्रत्येक तहसील और ब्लॉक स्तर पर शिविर लगाए जाएंगे और प्रत्येक शिविर कम से कम तीन दिन संचालित होगा। कार्यक्रमों की रिपोर्टिंग भी की जाएगी।
महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी ने बताया कि शिविरों में विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए जाएंगे। यहां लाभार्थियों का चयन, आवेदन पत्र भरने की सुविधा, योजनाओं से जुड़े लाभार्थियों की सफलता की कहानियों का प्रस्तुतीकरण और पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने की व्यवस्था की जाएगी।
बैठक में सचिव विनय शंकर पाण्डेय, सी. रविशंकर, राजेन्द्र कुमार, अपर सचिव रोहित मीणा, सीसीएफ वन राहुल, सीडीओ देहरादून अभिनव शाह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। सभी जिलों के जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल हुए।




