उत्तराखण्ड
39,815 ग्रामीण परिवारों को मिली पक्की छत, पीएम आवास योजना-ग्रामीण ने पकड़ी रफ्तार।

संवादसूत्र देहरादून: उत्तराखंड में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण (पीएमएवाई-जी) के तहत जरूरतमंद और बेघर परिवारों को पक्के आवास उपलब्ध कराने का अभियान तेजी से आगे बढ़ रहा है। वर्ष 2022 से अब तक प्रदेश में 39,815 परिवारों को योजना के तहत पक्के आवास उपलब्ध कराए जा चुके हैं। इनमें सबसे अधिक 4,882 आवास ऊधमसिंह नगर, 4,493 हरिद्वार और 4,032 आवास रुद्रप्रयाग जिले में बनाए गए हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी लगातार जरूरतमंद परिवारों को पक्की छत उपलब्ध कराने पर जोर दे रहे हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी और ग्रामीण के तहत अधिक से अधिक आवासों की स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार के समक्ष लगातार पैरवी करते रहे हैं। इसके परिणामस्वरूप पीएम आवास योजना-शहरी 2.0 में बेहतर प्रदर्शन के लिए उत्तराखंड को राष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कृत किया जा चुका है। वहीं ग्रामीण आवास योजना में भी राज्य उल्लेखनीय प्रगति कर रहा है।
2016 में शुरू हुई थी योजना
प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण वर्ष 2016 में शुरू की गई थी। इसका उद्देश्य बेघर, कच्चे और जर्जर मकानों में रहने वाले परिवारों को बुनियादी सुविधाओं से युक्त पक्का घर उपलब्ध कराना है। योजना के तहत प्रत्येक लाभार्थी को आवास निर्माण के लिए 1.30 लाख रुपये की सहायता राशि डीबीटी के माध्यम से सीधे बैंक खाते में दी जाती है।
योजना के तहत विभिन्न सुविधाओं को भी आवास से जोड़ा गया है। मुख्यमंत्री की घोषणा के तहत वर्ष 2022-23 से किचन सामग्री और बर्तन खरीदने के लिए दी जाने वाली अतिरिक्त सहायता राशि को 5,000 रुपये से बढ़ाकर 6,000 रुपये किया गया है।
शौचालय के लिए 12 हजार रुपये की सहायता
स्वच्छ भारत मिशन के तहत लाभार्थियों को शौचालय निर्माण के लिए मनरेगा/स्वजल के माध्यम से 12 हजार रुपये की अतिरिक्त धनराशि दी जा रही है। इसके अलावा आवास निर्माण के लिए 95 दिन की मजदूरी भी योजना के तहत उपलब्ध कराई जा रही है। लाभार्थियों को पेयजल सुविधा, उज्ज्वला गैस कनेक्शन और विद्युत कनेक्शन जैसी सुविधाओं से भी जोड़ा जा रहा है।
प्रदेश में अब तक स्वीकृत आवासों में चमोली में 3,900, पिथौरागढ़ में 3,386, पौड़ी में 3,195, उत्तरकाशी में 3,057, देहरादून में 2,839, चंपावत में 2,789, बागेश्वर में 2,279, टिहरी में 2,134, नैनीताल में 1,480 और अल्मोड़ा में 1,349 आवास शामिल हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार हर जरूरतमंद परिवार को पक्का घर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण का लाभ प्रत्येक पात्र परिवार तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।



