उत्तराखण्ड
पलटन बाजार में सुबह 11 से शाम 7 बजे तक वाहनों की नो एंट्री।

संवादसूत्र देहरादून: त्योहारी सीजन में बाजारों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने पलटन बाजार में सुबह 11 बजे से शाम सात बजे तक वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगा दिया है। वहीं, आसपास के बाजारों में सुबह 11 बजे से पहले और शाम सात बजे के बाद ही सामान की लोडिंग-अनलोडिंग की जा सकेगी। इस संबंध में जिला प्रशासन ने शुक्रवार को आदेश जारी किए।
एडीएम वित्त एवं राजस्व केके मिश्रा ने त्योहारी सीजन के मद्देनजर व्यापारियों के साथ बैठक कर बाजारों की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। बैठक में पुलिस और अन्य विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे। एडीएम ने कहा कि त्योहारों के दौरान बाजारों में खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। ऐसे में लोगों की सुविधा, सुगम आवागमन और जनसुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है।
उन्होंने बताया कि पलटन बाजार समेत शहर के प्रमुख और व्यस्त बाजारों में अतिक्रमण के खिलाफ जिला प्रशासन और पुलिस संयुक्त अभियान चलाएंगे। बाजारों में आवागमन बाधित करने वाले अतिक्रमण, रेहड़ी-ठेली और अन्य अवरोधों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
एडीएम ने पुलिस, नगर निगम और प्रशासन के अधिकारियों को बाजारों में नियमित निगरानी रखने तथा यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों से भी त्योहारी सीजन में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।
उन्होंने व्यापारियों से कहा कि वे अपने प्रतिष्ठानों के बाहर अनावश्यक रूप से सामान न रखें और पैदल चलने के लिए निर्धारित स्थान को अवरोधमुक्त बनाए रखें। एडीएम ने कहा कि प्रशासन और व्यापारियों के आपसी सहयोग से ही बाजारों में बेहतर यातायात व्यवस्था कायम रखने के साथ लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है।



