उत्तराखण्ड
74वें गौचर मेले का आगाज, धामी बोले-उत्तराखंड की विरासत और व्यापारिक परंपरा का प्रतीक।
- 1943 में भोटिया व्यापार मेले से हुई थी शुरुआत, आज देशभर में पहचान बना चुका गौचर मेला।

संवादसूत्र देहरादून/गौचर: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को 74वें राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक गौचर मेले का विधिवत शुभारंभ किया। सात दिवसीय मेले का उद्घाटन उन्होंने पूजा-अर्चना और दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने मेले के संस्थापक स्वर्गीय गोविन्द प्रसाद नौटियाल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गौचर मेला उत्तराखंड की ऐतिहासिक विरासत, समृद्ध व्यापारिक परंपरा और सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक है। वर्ष 1943 में भोटिया व्यापार मेले के रूप में शुरू हुआ यह आयोजन आज औद्योगिक एवं सांस्कृतिक मेले के रूप में देशभर में अपनी पहचान बना चुका है। कभी भारत-तिब्बत व्यापार का प्रमुख केंद्र रहे गौचर में ऊन, पश्मीना, जड़ी-बूटियों और स्थानीय उत्पादों का कारोबार होता था।
उन्होंने कहा कि गौचर मेला स्थानीय व्यापारियों, कारीगरों, उद्यमियों और स्वयं सहायता समूहों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन एवं विपणन का अवसर देता है। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वोकल फॉर लोकल अभियान को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण मंच है। मेले हमारी लोक संस्कृति और पारंपरिक विरासत को संरक्षित करने के साथ समाज को जोड़ने का काम करते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चमोली वीरभूमि होने के साथ भगवान बदरी विशाल की तपस्थली और मां नंदा का मायका भी है। सरकार सीमांत गांवों को देश के अंतिम गांव के बजाय प्रथम गांव के रूप में विकसित करने के लिए काम कर रही है। युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार उपलब्ध कराने के लिए पर्यटन, होमस्टे, फिल्म नीति और सौर स्वरोजगार जैसी योजनाओं को बढ़ावा दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि चमोली के ऊनी हस्तशिल्प, राजमा, मंडुवा, झंगोरा, शहद और जड़ी-बूटियों को देश-दुनिया के बाजारों तक पहुंचाने के लिए हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड शुरू किया गया है। इसका कारोबार छह करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर चुका है। इससे स्थानीय उत्पादों और मातृशक्ति की आर्थिक आत्मनिर्भरता को मजबूती मिल रही है।
मुख्यमंत्री ने सिमली अस्पताल से जुड़े विषय पर कहा कि इसके समाधान के लिए जल्द कमेटी गठित की जाएगी, जो सभी संबंधित पक्षों को सुनकर मामले का परीक्षण करेगी। प्रेस क्लब भवन निर्माण की मांग पर भी उन्होंने सकारात्मक रुख अपनाते हुए उपयुक्त भूमि चयनित करने को कहा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने गौचर और गैरसैंण की पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने वाली दो योजनाओं का लोकार्पण किया। अमृत 2.0 के तहत 32.45 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित गौचर नगरीय पेयजल योजना और 4.59 करोड़ रुपये की लागत से गैरसैंण नगरीय पेयजल योजना के सुदृढ़ीकरण एवं मरम्मत कार्य का लोकार्पण किया गया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ पत्रकार ललित प्रसाद लखेड़ा को गोविन्द प्रसाद नौटियाल स्मृति सम्मान-2026 तथा वरिष्ठ लेखक एवं प्रकाशक कीर्ति नवानी को पंडित महेशानन्द नौटियाल शिक्षा एवं साहित्य प्रसार सम्मान-2026 से सम्मानित किया।
इस दौरान प्रभारी मंत्री भरत सिंह चौधरी, विधायक भूपाल राम टम्टा, अनिल नौटियाल सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, व्यापारी, पत्रकार और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।



