Connect with us

थराली से कैम्ब्रिज और पुरोला से दुनिया तक, संघर्ष की कहानियों ने युवाओं को किया प्रेरित।

उत्तराखण्ड

थराली से कैम्ब्रिज और पुरोला से दुनिया तक, संघर्ष की कहानियों ने युवाओं को किया प्रेरित।

संवादसूत्र देहरादून: छोटे गांवों से निकलकर देश-दुनिया में सफलता के मुकाम हासिल करने वाले प्रवासी उत्तराखण्डियों ने तृतीय प्रवासी उत्तराखण्डी सम्मेलन में युवाओं के साथ अपने संघर्ष और सफलता के अनुभव साझा किए। सम्मेलन का तीसरा सत्र युवाओं को समर्पित रहा। इसमें वक्ताओं ने अपनी जीवन यात्रा के विभिन्न पड़ावों का जिक्र करते हुए युवाओं को चुनौतियां स्वीकारने, असफलताओं से सीखने और अपने सपनों को पूरा करने के लिए निरंतर प्रयास करने का संदेश दिया।

सत्र में चमोली के थराली क्षेत्र के सामान्य परिवार से निकलकर कैम्ब्रिज तक पहुंचे वैज्ञानिक डॉ. भगवती प्रसाद जोशी ने अपनी संघर्ष यात्रा साझा की। आईआईएससी बेंगलुरु में असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. जोशी ने कहा कि वर्तमान समय में तकनीकी क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव हो रहे हैं। युवाओं को नए-नए तकनीकी क्षेत्रों में रुचि लेकर उत्साह के साथ काम करना चाहिए।

उत्तराखण्ड की सबसे कम उम्र की जिला पंचायत अध्यक्ष इशिता सजवाण ने दिल्ली में उच्च शिक्षा हासिल करने के बाद रिवर्स पलायन कर टिहरी में काम करने का अनुभव साझा किया। उन्होंने युवाओं से खुद को चुनौती देने, कंफर्ट जोन से बाहर निकलने और ठोस काम करके अपनी क्षमता साबित करने की अपील की।

पिथौरागढ़ जैसे सीमांत क्षेत्र से अपनी आईटी कंपनी के माध्यम से शिक्षा और अन्य क्षेत्रों में काम कर रहे जितेंद्र हनेरू ने युवाओं को पढ़ाई के दौरान ही स्टार्टअप की दिशा में प्रयास शुरू करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि अपने प्रयासों में सफलता या असफलता की चिंता किए बिना आगे बढ़ते रहना चाहिए।

टिहरी के सेम मुखेम से निकलकर कई देशों में कारोबार फैलाने वाले उद्यमी राजेश राणा ने कहा कि जीवन में परिस्थितियों के अनुसार खुद को ढालना जरूरी है। किसी भी छोटे काम को करने में संकोच नहीं करना चाहिए। वहीं, पुरोला के उद्यमी सेवक नौटियाल ने अपनी कारोबारी यात्रा साझा करते हुए कहा कि उद्यमिता अपनाकर युवा अपने सपनों को साकार कर सकते हैं।

‘बालिका वधू’ धारावाहिक से पहचान बनाने वाली अल्मोड़ा की अभिनेत्री रूप दुर्गापाल ने बताया कि वह पहले इंजीनियरिंग की नौकरी कर रही थीं, लेकिन जीवन के एक महत्वपूर्ण मोड़ ने उन्हें मुंबई पहुंचा दिया। उन्होंने कहा कि करियर को लेकर युवाओं और अभिभावकों के बीच खुला संवाद होना जरूरी है।

लोक कलाकार कविलास नेगी ने गीतों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए अपना प्रसिद्ध गीत ‘पहाड़ी-पहाड़ी मत बोलो’ प्रस्तुत किया। वहीं, प्रसिद्ध उद्यमी शैलेश उप्रेती का रिकॉर्डेड वीडियो भी दिखाया गया। इसमें उन्होंने दून विश्वविद्यालय में बैटरी इनोवेशन सेंटर स्थापित करने के प्रस्ताव पर राज्य सरकार से विचार करने का अनुरोध किया।

इससे पहले दून विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. सुरेखा डंगवाल ने कहा कि जेन-जी भी हमारी ही नई पीढ़ी है। अंतर सिर्फ इतना है कि वह तकनीकी युग में आगे बढ़ रही है और उसकी कार्य करने की गति तेज है। सामान्य परिस्थितियों से निकलकर सफलता हासिल करने वाले लोगों के संस्मरण युवाओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।

यूकॉस्ट के महानिदेशक प्रो. दुर्गेश पंत ने कहा कि नई पीढ़ी आत्मविश्वास से भरी है और अच्छा काम कर रही है। आज के युवाओं के पास जानकारी और अवसरों की व्यापक उपलब्धता है। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड के लोगों में मेहनत, संघर्ष और ईमानदारी के गुण हैं। राज्य में बन रही देश की पांचवीं साइंस सिटी भी प्रदेश की बदलती तस्वीर का उदाहरण है।

सत्र का संचालन दून विश्वविद्यालय के प्रो. हर्ष डोभाल ने किया। उत्तराखण्ड प्रवासी परिषद के उपाध्यक्ष ओम प्रकाश भट्ट ने चर्चा में शामिल अतिथियों को स्मृति चिह्न प्रदान किए।

Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

Ad Ad

Trending News

Follow Facebook Page

About Us

उत्तराखण्ड की ताज़ा खबरों से अवगत होने हेतु संवाद सूत्र से जुड़ें तथा अपने काव्य व लेखन आदि हमें भेजने के लिए दिये गए ईमेल पर संपर्क करें!

Email: [email protected]

AUTHOR DETAILS –

Name: Deepshikha Gusain
Address: 4 Canal Road, Kaulagarh, Dehradun, Uttarakhand, India, 248001
Phone: +91 94103 17522
Email: [email protected]