उत्तराखण्ड
47 दिवसीय अंतरराष्ट्रीय प्रकृति पथ साइकिल यात्रा का समापन, धामी ने किया यात्रियों का अभिनंदन।

संवादसूत्र देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास में पद्मभूषण डॉ. अनिल प्रकाश जोशी के नेतृत्व में निकाली गई 47 दिवसीय अंतरराष्ट्रीय प्रकृति पथ साइकिल यात्रा-2026 के समापन कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने डॉ. जोशी सहित यात्रा में शामिल सभी साइकिल यात्रियों का स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए अभियान की सफलता पर बधाई दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 47 दिनों तक साइकिल यात्रा के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश देना डॉ. अनिल प्रकाश जोशी के समर्पण, दृढ़ इच्छाशक्ति और संकल्प का प्रेरणादायी उदाहरण है। यह यात्रा केवल लंबी दूरी तय करने का अभियान नहीं, बल्कि जल, जंगल और जमीन के संरक्षण के प्रति समाज को जागरूक करने का सार्थक प्रयास है।
उन्होंने कहा कि भारत और नेपाल के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक, धार्मिक और सामाजिक संबंध हैं। जनकपुर धाम और अयोध्या का संबंध साझा सांस्कृतिक विरासत और आत्मीय रिश्तों का प्रतीक है। दोनों देशों की भौगोलिक एवं प्राकृतिक परिस्थितियां भी एक-दूसरे से जुड़ी हैं। ऐसे में पर्यावरण संरक्षण और प्राकृतिक आपदाओं से बचाव के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘प्रकृति ही प्रभु है’ का संदेश भारतीय संस्कृति और जीवन दर्शन की मूल भावना को दर्शाता है। प्रकृति का संरक्षण केवल पर्यावरण से जुड़ा विषय नहीं, बल्कि मानव जीवन और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की जिम्मेदारी है। विकास और पर्यावरण एक-दूसरे के विरोधी नहीं हैं। प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण करते हुए विकास योजनाओं को आगे बढ़ाना आवश्यक है। उन्होंने ग्रॉस एनवायरनमेंट प्रोडक्ट (जीईपी) की अवधारणा को विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण बताया।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की पहचान हिमालय, नदियों, वनों और जैव विविधता से है। राज्य सरकार नौले-धारे, चाल-खाल और पारंपरिक जल स्रोतों के संरक्षण के लिए जनभागीदारी को प्रोत्साहित कर रही है। इसमें महिलाओं और युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है।
इस अवसर पर डॉ. अनिल प्रकाश जोशी ने बताया कि 2 अक्टूबर 2026 को नेपाल के जनकपुर धाम से शुरू हुई इस यात्रा में 3,000 किलोमीटर से अधिक की दूरी तय की गई। अभियान के दौरान नेपाल सहित भारत के विभिन्न राज्यों के 25 से अधिक जिलों और 150 से अधिक गांवों तक पर्यावरण संरक्षण का संदेश पहुंचाया गया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 28 से 30 नवंबर तक देहरादून में आयोजित होने वाले विश्व आपदा प्रबंधन सम्मेलन-2026 के पोस्टर का भी विमोचन किया। यू-कॉस्ट के महानिदेशक प्रो. दुर्गेश पंत ने बताया कि सिलक्यारा सुरंग में फंसे 41 श्रमिकों के सफल बचाव अभियान की तीसरी वर्षगांठ के उपलक्ष्य में सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। ‘सिलक्यारा के साहस से वैश्विक आपदा प्रतिरोधक क्षमता तक’ विषय पर होने वाले सम्मेलन में आपदा जोखिम के पूर्वानुमान, तैयारियों, आधुनिक तकनीक और आपदा प्रबंधन की क्षमता विकसित करने पर विशेषज्ञ विचार-विमर्श करेंगे।
इस अवसर पर डॉ. अनिल प्रकाश जोशी, प्रो. दुर्गेश पंत और प्रकृति पथ यात्रा के सदस्य उपस्थित रहे।



