उत्तराखण्ड
चिन्यालीसौड़ में खुला ‘हिमालयन भोजनालय’, स्वयं सहायता समूह की महिलाएं संभाल रहीं संचालन।

संवादसूत्र देहरादून/चिन्यालीसौड़: उत्तराखंड में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने और उनकी आजीविका मजबूत करने की दिशा में नई पहल की गई है। शुक्रवार को मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने रीप परियोजना के अंतर्गत गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर चिन्यालीसौड़ के नगुण बैरियर के पास स्थापित वे-साइड ईटरी का उद्घाटन किया। सीता स्वयं सहायता समूह की महिलाएं इसका संचालन ‘हिमालयन भोजनालय’ के नाम से कर रही हैं।
उद्घाटन के दौरान मुख्य सचिव ने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से बातचीत कर उनके व्यवसाय, आमदनी और रोजगार के अनुभवों की जानकारी ली। महिलाओं ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित होने के कारण यहां से गुजरने वाले वाहन नगुण पुलिस बैरियर के पास रुकते हैं। ऐसे में यात्रियों का भोजनालय में नियमित आवागमन रहता है। इसके अलावा समीप स्थित पार्क में शाम को टहलने आने वाले स्थानीय लोग भी यहां भोजन और स्नैक्स का आनंद लेते हैं। इससे समूह को अच्छी आमदनी हो रही है।
महिलाओं ने बताया कि रीप परियोजना के सहयोग और बैंक ऋण की सुविधा से वे इस उद्यम को शुरू करने में सफल हुईं। अब उन्हें बड़े आयोजनों और अन्य अवसरों पर भोजन के ऑर्डर भी मिल रहे हैं, जिन्हें वे मांग के अनुसार पूरा कर रही हैं। उन्होंने कहा कि इस पहल से उन्हें रोजगार के साथ आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिला है।
परियोजना प्रबंधक रीप ने बताया कि परियोजना के अंतर्गत प्रदेशभर में इस तरह की वे-साइड ईटरी विकसित की जा रही हैं। सभी केंद्रों को एक समान पहचान देने के लिए इन्हें ‘हिमालयन भोजनालय’ नाम से संचालित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य यात्रियों को स्थानीय एवं पारंपरिक भोजन उपलब्ध कराने के साथ स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ना और उनकी आजीविका को मजबूत करना है। जिला प्रशासन भी ऐसे रोजगारपरक मॉडलों को बढ़ावा देने के लिए स्थान उपलब्ध करा रहा है।
मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं, ताकि वे अपनी आजीविका बढ़ाने के साथ आर्थिक रूप से मजबूत बन सकें।
इस अवसर पर जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, मुख्य विकास अधिकारी राहुल आनंद, जिला विकास अधिकारी वेद प्रकाश, डीपीएम रीप कपिल उपाध्याय सहित अन्य अधिकारी और स्वयं सहायता समूह की महिलाएं उपस्थित रहीं।



