Connect with us

मुक्तेश्वर से 658 किलोमीटर की हिमालयन MTB साइकिल रेस शुरू, 18 राज्यों के 66 प्रतिभागी ले रहे हिस्सा।

उत्तराखण्ड

मुक्तेश्वर से 658 किलोमीटर की हिमालयन MTB साइकिल रेस शुरू, 18 राज्यों के 66 प्रतिभागी ले रहे हिस्सा।

मुक्तेश्वर, 20 नवंबर। उत्तराखंड में साहसिक पर्यटन को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने के उद्देश्य से शुक्रवार को अल्टीमेट उत्तराखंड हिमालयन एमटीबी चैलेंज-2026 का शुभारंभ हुआ। कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने मुक्तेश्वर से साइकिल रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस प्रतियोगिता में 18 राज्यों के साथ ही एयरफोर्स, आर्मी और आईटीबीपी के कुल 66 प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि उत्तराखंड के लिए गर्व की बात है कि प्रदेश में इस तरह के साहसिक खेलों का आयोजन हो रहा है। मुक्तेश्वर से प्रतियोगिता की शुरुआत होना भी विशेष महत्व रखता है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत, प्राकृतिक सुंदरता और पर्यटन संभावनाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों को एक साथ जोड़कर विकास की दिशा में कार्य कर रही है। इस तरह के आयोजन प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों को पर्यटन की साझा श्रृंखला से जोड़ने में मददगार साबित होंगे।

सचिव पर्यटन धीराज सिंह गर्ब्याल ने बताया कि प्रतियोगिता 20 नवंबर को मुक्तेश्वर से शुरू हुई है। साइकिल रेस उत्तराखंड के 10 जनपदों से गुजरते हुए लगभग 658 किलोमीटर का सफर तय करेगी और 26 नवंबर को मसूरी में संपन्न होगी। प्रतियोगिता के लिए कुल 80 लोगों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से विभिन्न कारणों से 14 प्रतिभागी हिस्सा नहीं ले रहे हैं। वर्तमान में 66 प्रतिभागी रेस में शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य केवल साइकिलिंग आयोजन तक सीमित नहीं है, बल्कि उत्तराखंड को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एडवेंचर टूरिज्म और माउंटेन साइक्लिंग के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करना है। इसके माध्यम से साहसिक खेलों, पर्यटन, स्थानीय अर्थव्यवस्था, संस्कृति और पर्यावरण संरक्षण को एक साथ जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

धीराज सिंह गर्ब्याल ने कहा कि सरकार शीतकालीन पर्यटन को भी बढ़ावा देना चाहती है, ताकि पर्यटन गतिविधियां केवल गर्मियों और चारधाम यात्रा तक सीमित न रहें। सर्दियों में पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने से होटल, होमस्टे, रिसॉर्ट और स्थानीय कारोबार को लाभ मिलेगा। साथ ही स्थानीय युवाओं के लिए गाइड, परिवहन, खानपान और पर्यटन सेवाओं के क्षेत्र में रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर बढ़ेंगे।

उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता के माध्यम से देश-विदेश से आने वाले प्रतिभागियों को उत्तराखंड की लोकसंस्कृति, लोककला, खानपान और परंपराओं से परिचित कराने के साथ ही कम प्रसिद्ध पर्वतीय क्षेत्रों और ग्रामीण पर्यटन स्थलों को भी पर्यटन मानचित्र पर पहचान दिलाने का प्रयास किया जा रहा है। सरकार अल्टीमेट हिमालयन एमटीबी चैलेंज के साथ अल्ट्रा मैराथन और एंगलिंग मीट जैसे आयोजनों के जरिए राज्य की साहसिक पर्यटन संभावनाओं को आगे बढ़ा रही है।

इस अवसर पर केएमवीएन के प्रबंध निदेशक विनीत तोमर, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडेय, केएमवीएन के प्रबंधक मनीष सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, दर्जा राज्यमंत्री देवेंद्र ढेला, पर्यटन विकास परिषद सलाहकार समिति के सदस्य नितिन राणा और जिला पर्यटन विकास अधिकारी कीर्ति आर्य सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

Ad Ad

Trending News

Follow Facebook Page

About Us

उत्तराखण्ड की ताज़ा खबरों से अवगत होने हेतु संवाद सूत्र से जुड़ें तथा अपने काव्य व लेखन आदि हमें भेजने के लिए दिये गए ईमेल पर संपर्क करें!

Email: [email protected]

AUTHOR DETAILS –

Name: Deepshikha Gusain
Address: 4 Canal Road, Kaulagarh, Dehradun, Uttarakhand, India, 248001
Phone: +91 94103 17522
Email: [email protected]