उत्तराखण्ड
एसआईआर की प्रक्रिया समझने जुटे 200 छात्र-छात्राएं, यूथ आइकन ने किया जागरूक।

संवादसूत्र देहरादून/ नई टिहरी: मेरा युवा भारत, टिहरी गढ़वाल की ओर से मंगलवार को एसआरटी परिसर, बादशाहीथौल में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) विषय पर युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में करीब 200 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग कर एसआईआर प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त की और अपनी जिज्ञासाएं रखीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर जिला युवा अधिकारी आशीष पंत ने मेरा युवा भारत के उद्देश्यों, कार्यप्रणाली और विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि युवाओं के व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देना संस्था का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर भी प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में यूथ आइकन संस्कृति नेगी ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। उन्होंने प्रक्रिया के विभिन्न पहलुओं की जानकारी साझा की। इसके बाद आयोजित संवाद सत्र में छात्र-छात्राओं ने एसआईआर से जुड़े सवाल पूछे। अतिथियों ने उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया।
इस दौरान यूथ आइकन संस्कृति नेगी, अक्षत बिजल्वाण और आयुष वर्मा सहित खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। अतिथियों ने युवाओं को विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने और समाज एवं राष्ट्र के विकास में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में चंबा की ब्लॉक प्रमुख सुमन सजवाण, भाजपा प्रदेश मंत्री नलिन भट्ट और युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष मनीष राणा उपस्थित रहे। इसके अलावा एसआरटी परिसर के निदेशक प्रो. एए बोडाई, प्रो. जेडीएस नेगी, डॉ. शंकर लाल, प्रो. केसी पेटवाल, प्रो. यूएस नेगी, रविंद्र चौहान और शिवानी मनवाल सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
समापन पर एसआरटी परिसर के निदेशक प्रो. एए बोडाई ने सभी अतिथियों, आयोजकों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को एसआईआर जैसे महत्वपूर्ण सार्वजनिक विषय पर जानकारी प्राप्त करने और संवाद के जरिए अपनी शंकाओं का समाधान करने का अवसर मिला।



