उत्तराखण्ड
एकलव्य विद्यालय बाजपुर को उत्कृष्ट शिक्षण संस्थान बनाने की तैयारी, जुएल ओराम ने दिए निर्देश।

देहरादून। केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम ने शुक्रवार को गांधी जयंती के अवसर पर ऊधम सिंह नगर जिले के बाजपुर स्थित एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय का दौरा किया। उन्होंने विद्यार्थियों के साथ संवाद करने के साथ विद्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान, स्वच्छता शपथ और पौधरोपण कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित कर उत्कृष्ट शिक्षण संस्थान के रूप में विकसित करने पर जोर दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत केंद्रीय मंत्री ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को पुष्पांजलि अर्पित कर की। इसके बाद उन्होंने विद्यार्थियों, शिक्षकों और विद्यालय कर्मचारियों के साथ परिसर में स्वच्छता अभियान में भाग लिया तथा स्वच्छता की शपथ दिलाई। ‘एक पेड़ मां के नाम’ पहल के तहत उन्होंने पौधरोपण भी किया।
विद्यार्थियों से संवाद के दौरान जुएल ओराम ने उनकी पढ़ाई, रुचियों और भविष्य के सपनों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों को मन लगाकर पढ़ाई करने और जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। विद्यार्थियों की ओर से लगाए गए अपशिष्ट प्रबंधन, कचरा पृथक्करण, सतत विकास और पर्यावरण संरक्षण से संबंधित प्रदर्शनों का भी उन्होंने अवलोकन किया।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। उन्हें बेहतर शिक्षा, उचित संसाधन और आगे बढ़ने के पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराना सरकार और समाज की साझा जिम्मेदारी है। जनजातीय क्षेत्रों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर सुविधाएं और समान अवसर उपलब्ध कराकर विकास की मुख्यधारा से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि दूरस्थ और जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षा की गुणवत्ता एवं सुविधाओं को मजबूत करने के लिए केंद्र सरकार लगातार कार्य कर रही है। जनजातीय समाज के प्रतिभाशाली बच्चे शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल करें और राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाएं, इसके लिए उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
सैनिक स्कूल और नवोदय विद्यालय जैसी सुविधाओं पर जोर
जुएल ओराम ने कहा कि आने वाले समय में बाजपुर के एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय को आवश्यक सुविधाओं और संसाधनों से सुसज्जित कर उत्कृष्ट शिक्षण संस्थान के रूप में विकसित करने का प्रयास किया जाएगा। विद्यालय में ऐसा शैक्षणिक वातावरण तैयार करने पर जोर रहेगा, जिससे यह सैनिक स्कूल और जवाहर नवोदय विद्यालय जैसी प्रतिष्ठित संस्थाओं के स्तर की सुविधाओं और शैक्षणिक गुणवत्ता की दिशा में आगे बढ़ सके।
उन्होंने विद्यार्थियों से दैनिक जीवन में स्वच्छता और जिम्मेदार व्यवहार अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल एक गतिविधि नहीं, बल्कि जीवनभर अपनाया जाने वाला मूल्य है। व्यक्तिगत स्वच्छता, कचरे का पृथक्करण और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े प्रयास बेहतर स्वास्थ्य और सतत विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों, विद्यालय कर्मचारियों और स्थानीय समुदाय के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस दौरान व्यक्तिगत स्वच्छता, कचरा पृथक्करण, पर्यावरण जागरूकता और जनभागीदारी से संबंधित गतिविधियां आयोजित की गईं।
इस अवसर पर ऊधम सिंह नगर के जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शशानी सहित जिला प्रशासन के अधिकारी, राज्य सरकार के प्रतिनिधि, विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षक और कर्मचारी मौजूद रहे। केंद्रीय मंत्री जुएल ओराम उत्तराखंड के चार दिवसीय दौरे पर हैं। इस दौरान वे विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने के साथ उत्तराखंड आदि रंगोत्सव में भी प्रतिभाग करेंगे।




