उत्तराखण्ड
कौशल और प्रतिभा के दम पर वैश्विक मंच पर पहचान बना रहे उत्तराखंड के युवा : धामी।

संवादसूत्र देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड के युवा प्रतिभा, मेहनत और कौशल के दम पर राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बना रहे हैं। जरूरत है कि उन्हें बेहतर प्रशिक्षण और अवसर उपलब्ध कराए जाएं। युवा अवसर मिलने पर दुनिया के किसी भी मंच पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा सकते हैं।
मुख्यमंत्री सोमवार को आईआरडीटी सभागार में कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग की ओर से आयोजित युवा कौशल महोत्सव-2026 को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने इंडिया स्किल प्रतियोगिता 2025-26 के अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर के विजेताओं को सम्मानित किया। साथ ही सहसपुर स्थित स्किल हब सेंटर ऑफ एक्सीलेंस से प्रशिक्षण प्राप्त कर रोजगार हासिल करने वाले 35 युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। अखिल भारतीय व्यावसायिक परीक्षा-2026 में प्रदेश के 32 राजकीय आईटीआई टॉपर्स को भी मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सितंबर 2026 में चीन के शंघाई में आयोजित 48वीं वर्ल्ड स्किल्स प्रतियोगिता में भारत ने छह सिल्वर मेडल और 20 मेडलियन्स फॉर एक्सीलेंस हासिल कर 10वां स्थान प्राप्त किया। यह प्रतियोगिता में भारत का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। इसमें उत्तराखंड की सानिया जोशी ने रिटेल सेल्स और पार्थ बोहरा ने इंडस्ट्रियल डिजाइन टेक्नोलॉजी में सिल्वर मेडल जीतकर देश और प्रदेश का गौरव बढ़ाया। दोनों की उपलब्धि अन्य युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।
उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं को केवल नौकरी तलाशने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रदेश में स्टार्टअप नीति लागू करने के साथ नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए इन्क्यूबेशन सेंटर स्थापित किए जा रहे हैं। इसके लिए 200 करोड़ रुपये के वेंचर फंड की व्यवस्था की गई है। युवा प्रोत्साहन योजना और दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना के माध्यम से भी युवाओं को ऋण और सब्सिडी की सुविधा दी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजकीय आईटीआई में प्रशिक्षण की गुणवत्ता सुधारने, आधुनिक तकनीक से जोड़ने और उद्योगों की जरूरत के अनुरूप कौशल विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। प्रदेश के 100 से अधिक युवा विदेशों में भी सेवाएं देकर उत्तराखंड का नाम रोशन कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि युवाओं को पारदर्शी भर्ती व्यवस्था उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता रही है। नकल और पेपर लीक जैसी घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया। राज्य गठन से अब तक करीब 55 हजार युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्तियां मिली हैं। इनमें पिछले पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खेलों में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए नई खेल नीति लागू की गई है। खेल अवस्थापना सुविधाओं, स्टेडियमों और प्रशिक्षण केंद्रों का विस्तार किया जा रहा है। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को प्रोत्साहन के साथ सरकारी सेवाओं में अवसर भी दिए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि युवाओं की समस्याओं और सुझावों को सरकार तक पहुंचाने के लिए युवा आयोग के गठन की दिशा में भी काम किया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 2047 तक विकसित भारत बनाने के लक्ष्य में युवा शक्ति की अहम भूमिका होगी। उत्तराखंड के युवा भी इस संकल्प को पूरा करने में अग्रणी योगदान देंगे।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा, खजान दास, सचिव सी. रविशंकर सहित विभागीय अधिकारी, प्रशिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।



