उत्तराखण्ड
चारधाम यात्रा स्थगित नहीं, भारी बारिश में यात्रियों को होल्डिंग एरिया में रोका जाएगा।

संवादसूत्र देहरादून: मौसम विभाग द्वारा 26 और 27 सितंबर को गढ़वाल मंडल के विभिन्न क्षेत्रों में ऑरेंज एवं रेड अलर्ट जारी किए जाने के मद्देनजर चारधाम यात्रा की व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। वर्तमान में चारधाम यात्रा द्वितीय चरण में जारी है। मौसम की संभावित परिस्थितियों को देखते हुए आयुक्त गढ़वाल मंडल आनंद स्वरूप ने मंडल के सभी जिलाधिकारियों से विचार-विमर्श कर स्थिति का जायजा लिया।
जिलाधिकारियों से प्राप्त फीडबैक और स्थानीय परिस्थितियों के आकलन के बाद निर्णय लिया गया है कि चारधाम यात्रा को स्थगित नहीं किया जाएगा। हालांकि, भारी वर्षा की स्थिति में यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए परिस्थितियों के अनुसार उन्हें निकटतम होल्डिंग एरिया में रोका जाएगा।
आयुक्त गढ़वाल ने बताया कि यात्रा मार्गों पर मौसम और सड़क की स्थिति की लगातार निगरानी की जा रही है। संबंधित जिला प्रशासन, पुलिस और अन्य विभागों को यात्रियों की सुरक्षा के दृष्टिगत आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन की ओर से संवेदनशील क्षेत्रों में परिस्थितियों के अनुसार तत्काल निर्णय लेने के लिए भी अधिकारियों को निर्देशित किया गया है।
आयुक्त ने चारधाम यात्रियों से अपील की है कि वे मौसम की स्थिति और स्थानीय प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए ही यात्रा करें। उन्होंने कहा कि भारी वर्षा अथवा प्रतिकूल मौसम की स्थिति में यात्रियों की सुरक्षा के लिए प्रशासन द्वारा लिए जाने वाले निर्णयों में सहयोग करें।




