उत्तराखण्ड
दिवाली की रात दोस्तों की कार से कुचलकर हुई थी 15 वर्षीय अर्थ की मौत, सीसीटीवी फुटेज से खुला राज।

संवादसूत्र देहरादून: दिवाली की रात दोस्तों के साथ घर से त्योहार मनाने निकले 15 वर्षीय अर्थ अंसारी की मौत की गुत्थी सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद सुलझती नजर आ रही है। शुरुआती तौर पर जिस घटना को मारपीट के बाद हत्या से जोड़कर देखा जा रहा था, पुलिस की जांच में उसकी मौत की वजह दोस्तों की ही कार से कुचलना सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, धर्मपुर चौक स्थित अग्रवाल बेकरी के पास मची भगदड़ के दौरान तेजी और लापरवाही से पीछे की ओर बैक हो रही कार के पिछले पहिये की चपेट में अर्थ आ गया था। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौत हो गई।
थाना डालनवाला पुलिस के अनुसार, आठ नवंबर की रात अर्थ अपने दोस्तों के साथ दिवाली मनाने निकला था। देर रात सभी कार से घूमने निकले। तड़के करीब तीन बजे रेसकोर्स स्थित सूरी चौक पर उनका सामना स्कूटी सवार युवकों के दूसरे गुट से हो गया। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। आमना-सामना होते ही पुरानी कहासुनी दोबारा शुरू हो गई और देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। इसके बाद दोनों पक्ष वहां से चले गए, लेकिन कुछ देर बाद धर्मपुर चौक के पास अग्रवाल बेकरी के नजदीक फिर आमना-सामना हो गया।
पुलिस की जांच में सामने आया कि दूसरी बार हुए विवाद के दौरान मौके पर अफरातफरी मच गई और युवक इधर-उधर भागने लगे। इसी बीच अर्थ भी अपने साथियों के साथ वहां से निकलने की कोशिश कर रहा था। तभी दोस्तों की कार तेजी से पीछे की ओर बढ़ी और अर्थ उसके पिछले हिस्से के नीचे आ गया। कार का पिछला पहिया उसके ऊपर चढ़ गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बाद में उसकी मौत हो गई।
दरअसल, घटना के बाद अर्थ के शरीर पर चोटों के निशान मिलने और परिजनों की ओर से हत्या का आरोप लगाए जाने के कारण पुलिस ने हत्या के एंगल से प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की थी। अर्थ के पिता नदीम अंसारी ने नौ नवंबर को थाना डालनवाला में शिकायत देकर बेटे के दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाया था। उन्होंने बताया था कि आठ नवंबर को बेटे के एक दोस्त ने उसे नेहरू कॉलोनी स्थित अपने घर पर दिवाली मनाने के लिए बुलाया था। रात करीब 12 बजे उनकी बेटे से आखिरी बार फोन पर बात हुई थी। इसके बाद अर्थ घर नहीं लौटा तो दोस्तों ने बताया कि वह सुबह घर आ जाएगा।
अगली सुबह अर्थ के दोस्त की मां ने फोन कर बताया कि वह मोर्चरी में है। पिता के अनुसार, मोर्चरी पहुंचने पर बेटे के शरीर पर कई चोटों के निशान दिखाई दिए थे। इसी आधार पर उन्होंने दोस्तों पर मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया था।
हालांकि, पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तो घटना का दूसरा पहलू सामने आया। फुटेज में अर्थ अपने साथियों के साथ कार से उतरता दिखाई दे रहा है। इसके बाद विवाद और भगदड़ के बीच वह कार के पीछे पहुंचता है और उसकी चपेट में आ जाता है।
पुलिस के मुताबिक, अब तक की जांच में अर्थ की मौत दोस्तों की कार से कुचलने के कारण होना सामने आया है। कार चालक की ओर से तेजी और लापरवाही से वाहन पीछे करने की बात भी जांच में सामने आई है। पुलिस दोनों पक्षों के बीच हुए विवाद, घटनाक्रम में शामिल युवकों की भूमिका और कार चालक की जिम्मेदारी समेत सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।



