Connect with us

राज्य स्थापना दिवस पर पीएम मोदी ने की उत्तराखंड की विकास यात्रा की सराहना,धामी को भेजा शुभकामना संदेश।

उत्तराखण्ड

राज्य स्थापना दिवस पर पीएम मोदी ने की उत्तराखंड की विकास यात्रा की सराहना,धामी को भेजा शुभकामना संदेश।

संवादसूत्र देहरादून: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र भेजकर प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में उत्तराखंड की 26 वर्षों की विकास यात्रा, आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत, आधारभूत ढांचे के विस्तार, सीमांत क्षेत्रों के विकास और विभिन्न क्षेत्रों में हासिल उपलब्धियों की सराहना की है। उन्होंने कहा कि 21वीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का दशक बनाने के संकल्प को राज्य सरकार साकार करने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रही है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि 9 नवंबर 2000 को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की दूरदृष्टि और दृढ़ संकल्प से उत्तराखंड अलग राज्य के रूप में अस्तित्व में आया। राज्य स्थापना दिवस प्रदेशवासियों के साहस, स्वाभिमान और विकास के संकल्प को नमन करने का अवसर है। राज्य गठन के समय जो आकांक्षाएं थीं, प्रदेश आज उन्हें पूरा करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

उत्तराखंड की आध्यात्मिक और प्राकृतिक विरासत का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि हिमालय की ऊंची चोटियों के बीच बसा यह प्रदेश प्रकृति के सौंदर्य और आध्यात्मिक वैभव का अद्भुत संगम है। मां गंगा और यमुना का उद्गम स्थल होने के साथ ही पंच केदार, पंच प्रयाग और चारधाम की परंपरा इसे देश की आस्था का प्रमुख केंद्र बनाती है। केदारनाथ, बदरीनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री, हेमकुंड साहिब, जागेश्वर धाम और आदि कैलाश जैसे धार्मिक स्थल करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े हैं।

प्रधानमंत्री ने उत्तराखंड से अपने पुराने जुड़ाव का उल्लेख करते हुए कहा कि संगठन के कार्यों के दौरान उन्होंने देवभूमि के अनेक क्षेत्रों में समय बिताया है। केदारनाथ की दिव्य गुफा में साधना, आदि कैलाश की यात्रा और प्रदेश की माताओं-बहनों का स्नेह उनकी स्मृतियों में आज भी जीवंत है। उन्होंने उत्तराखंड को विश्व की आध्यात्मिक राजधानी बनने की पूरी क्षमता वाला प्रदेश बताया।

कनेक्टिविटी और आधारभूत ढांचे को मिली नई गति

प्रधानमंत्री ने कहा कि विकसित उत्तराखंड से विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए पिछले एक दशक में प्रदेश में कनेक्टिविटी और आधारभूत ढांचे का व्यापक विस्तार हुआ है। लगभग 890 किलोमीटर लंबी चारधाम ऑल वेदर रोड परियोजना पर 11 हजार करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया गया है। वहीं, लगभग 125 किलोमीटर लंबी ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना पर तेजी से कार्य चल रहा है।

उन्होंने दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे को पर्यटन, व्यापार और उद्योगों के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इससे दोनों शहरों के बीच यात्रा का समय काफी कम होगा। देहरादून एयरपोर्ट का विस्तार, पिथौरागढ़ एयरपोर्ट का संचालन तथा बनबसा में नए हेलीपैड की स्वीकृति से प्रदेश में हवाई कनेक्टिविटी मजबूत हो रही है।

धार्मिक और सीमांत क्षेत्रों के विकास पर जोर

प्रधानमंत्री ने केदारनाथ धाम के पुनर्निर्माण और बदरीनाथ धाम में लगभग 500 करोड़ रुपये की लागत से चल रहे विकास कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं में धार्मिक महत्व के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी प्राथमिकता दी जा रही है।

सीमांत क्षेत्रों के विकास का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि सीमावर्ती गांव देश की सुरक्षा और सामर्थ्य के प्रतीक हैं। वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के तहत माणा, जादुंग, टिम्मरसैंण, नीति और गुंजी जैसे गांवों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के साथ स्थानीय संस्कृति, हस्तशिल्प और पर्यटन को बढ़ावा दिया जा रहा है। इससे स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी विकसित हो रहे हैं।

पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मिल रही पहचान

प्रधानमंत्री ने कहा कि पर्यटन उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है। प्रदेश में पर्यटकों की संख्या में वृद्धि के साथ हजारों होमस्टे स्थानीय परिवारों की आय का साधन बने हैं। विंटर टूरिज्म, एडवेंचर टूरिज्म, वेडिंग टूरिज्म और 365-डे टूरिज्म को बढ़ावा देने के प्रयासों से स्थानीय कला, हस्तशिल्प और पारंपरिक उत्पादों को नई पहचान मिल रही है।

उन्होंने हरिद्वार में आगामी कुंभ मेले की तैयारियों के लिए केंद्र सरकार की ओर से 500 करोड़ रुपये की सहायता का उल्लेख करते हुए विश्वास जताया कि यह आयोजन देश-दुनिया के श्रद्धालुओं के लिए यादगार बनेगा।

स्वास्थ्य, शिक्षा और महिला सशक्तीकरण की सराहना

प्रधानमंत्री ने जल जीवन मिशन के तहत 98 प्रतिशत से अधिक ग्रामीण परिवारों तक नल से जल पहुंचने को महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने हरिद्वार, पिथौरागढ़, रुद्रपुर और अल्मोड़ा में मेडिकल कॉलेजों के संचालन तथा स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार का उल्लेख किया।

शिक्षा के क्षेत्र में देवप्रयाग में केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय परिसर, नए केंद्रीय विद्यालयों और पीएम श्री विद्यालयों के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के प्रयासों की सराहना की। उत्तराखंड के पूर्ण साक्षरता का लक्ष्य हासिल करने को भी महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

महिला सशक्तीकरण के लिए उज्ज्वला, स्वच्छ भारत, प्रधानमंत्री आवास और लखपति दीदी जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इनसे ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने में मदद मिली है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि को भी ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूती के लिए महत्वपूर्ण बताया।

सुशासन और सांस्कृतिक विरासत को बताया प्रदेश की ताकत

प्रधानमंत्री ने उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता लागू किए जाने को देश के लिए उदाहरण बताते हुए नकल विरोधी कानून, धर्मांतरण कानून और भू-कानून में पारदर्शिता जैसे कदमों की सराहना की। उन्होंने वन रैंक वन पेंशन के माध्यम से पूर्व सैनिकों के हितों की रक्षा का भी उल्लेख किया।

राष्ट्रीय खेलों के सफल आयोजन और प्रदेश के खिलाड़ियों द्वारा 100 से अधिक राष्ट्रीय स्तर के पदक जीतने को गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया। उच्च हिमालयी क्षेत्रों में आयोजित हाई एल्टीट्यूड अल्ट्रा रन मैराथन को साहसिक खेलों के क्षेत्र में उत्तराखंड की नई पहचान से जोड़ा।

उन्होंने नंदा देवी मेला, उत्तरायणी मेला, जागेश्वर मेला, इगास-बग्वाल, छोलिया नृत्य और फूलदेई जैसी लोक परंपराओं के साथ मंडुवे की रोटी, झंगोरे की खीर, बाल मिठाई और सिंगौड़ी जैसे पारंपरिक व्यंजनों का उल्लेख करते हुए कहा कि लोक संस्कृति और परंपराएं उत्तराखंड की आत्मा हैं।

प्रधानमंत्री ने विश्वास जताया कि केंद्र और राज्य सरकार के संयुक्त प्रयासों से उत्तराखंड विकास के नए कीर्तिमान स्थापित करेगा। उन्होंने कहा कि लक्ष्य है कि प्रदेश का हर गांव, प्रत्येक परिवार और युवा विकास के अवसरों से जुड़े।

मुख्यमंत्री धामी ने जताया प्रधानमंत्री का आभार

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा राज्य स्थापना दिवस पर भेजे गए शुभकामना संदेश और प्रदेश की विकास यात्रा की सराहना के लिए उनका आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री का उत्तराखंड के प्रति विशेष लगाव और आत्मीय जुड़ाव प्रदेशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन और केंद्र सरकार के निरंतर सहयोग से उत्तराखंड विकास के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। राज्य सरकार प्रधानमंत्री के विजन के अनुरूप प्रदेश को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि विकास का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे। प्रत्येक गांव, युवा, किसान, महिला और सीमांत क्षेत्र विकास की मुख्यधारा से जुड़े। राज्य सरकार सांस्कृतिक विरासत और प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण करते हुए विकास, रोजगार, पर्यटन और निवेश के नए अवसरों के सृजन के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

Ad Ad

Trending News

Follow Facebook Page

About Us

उत्तराखण्ड की ताज़ा खबरों से अवगत होने हेतु संवाद सूत्र से जुड़ें तथा अपने काव्य व लेखन आदि हमें भेजने के लिए दिये गए ईमेल पर संपर्क करें!

Email: [email protected]

AUTHOR DETAILS –

Name: Deepshikha Gusain
Address: 4 Canal Road, Kaulagarh, Dehradun, Uttarakhand, India, 248001
Phone: +91 94103 17522
Email: [email protected]