उत्तराखण्ड
13 नवंबर को होगा तृतीय प्रवासी उत्तराखण्डी सम्मेलन, सीएम ने तैयारियों की समीक्षा की।

संवादसूत्र देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मुख्यमंत्री आवास में 13 नवंबर को दून विश्वविद्यालय के डॉ. नित्यानंद ऑडिटोरियम में आयोजित होने वाले तृतीय प्रवासी उत्तराखण्डी सम्मेलन की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सम्मेलन का आयोजन भव्य, सुव्यवस्थित और प्रभावी ढंग से कराने के निर्देश दिए। साथ ही स्पष्ट किया कि आयोजन में किसी भी स्तर पर अव्यवस्था नहीं होनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रवासी उत्तराखण्डी देश-दुनिया के विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा, परिश्रम और उपलब्धियों से प्रदेश का गौरव बढ़ा रहे हैं। उनके अनुभव, विशेषज्ञता और सुझाव राज्य के विकास में महत्वपूर्ण साबित हो सकते हैं। यह सम्मेलन प्रवासियों को अपनी जड़ों से जोड़ने के साथ ही प्रदेश के विकास में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का महत्वपूर्ण अवसर है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सम्मेलन में प्रवासी उत्तराखण्डियों के साथ सार्थक संवाद किया जाए और उनके सुझावों को गंभीरता से लिया जाए। प्रवासियों को राज्य में निवेश, स्वरोजगार, पर्यटन, शिक्षा और स्वास्थ्य समेत विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देने के लिए प्रोत्साहित किया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सम्मेलन में उत्तराखण्ड की समृद्ध लोकसंस्कृति, परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत की प्रभावी झलक दिखाई देनी चाहिए। आयोजन स्थल पर स्वच्छता, सौंदर्यीकरण, सुरक्षा और यातायात समेत सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएं। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से काम करने और प्रत्येक व्यवस्था के लिए अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में बताया गया कि सम्मेलन के दौरान विभिन्न सत्रों में प्रवासी उत्तराखण्डियों की भूमिका और उपलब्धियों पर चर्चा होगी। ‘विकसित उत्तराखण्ड में प्रवासियों की भूमिका’ विषय पर विशेष सत्र आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा ‘हौसलों की उड़ान : उत्तराखण्ड के युवा संघर्ष से सफलता के शिखर तक’ विषय पर भी संवाद होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सम्मेलन का उद्देश्य केवल प्रवासी उत्तराखण्डियों को एक मंच पर एकत्रित करना नहीं, बल्कि प्रदेश के विकास के साथ उनका स्थायी और भावनात्मक जुड़ाव मजबूत करना भी है। उन्होंने सम्मेलन को सार्थक और परिणामोन्मुखी बनाने के लिए सभी तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, प्रमुख सचिव आरके सुधांशु, आर. मीनाक्षी सुंदरम, उत्तराखण्ड प्रवासी परिषद के उपाध्यक्ष पूरन चन्द्र नैलवाल और ओम प्रकाश भट्ट, मीडिया सलाहकार समिति के अध्यक्ष प्रो. गोविंद सिंह, सचिव शैलेश बगोली, डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय, डॉ. आर. राजेश कुमार, युगल किशोर पंत, दून विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. सुरेखा डंगवाल, जिलाधिकारी आशीष चौहान, अपर सचिव बंशीधर तिवारी, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।



