उत्तराखण्ड
जनरेटर रूम में बेहोश मिले दो इंजीनियर, अस्पताल पहुंचने पर मौत।

संवादसूत्र देहरादून: पटेल नगर थाना क्षेत्र के ट्रांसपोर्ट नगर में बुधवार सुबह एक इंटरनेट सर्विस प्रोवाइडर कंपनी के जनरेटर रूम में दो इंजीनियर बेहोशी की हालत में मिले। दोनों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रथम दृष्टया जनरेटर से निकली गैस के कारण दम घुटने से मौत की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा।
मृतकों की पहचान 29 वर्षीय रोहित सिंह निवासी हरिद्वार और 26 वर्षीय लवकुश पुत्र रामसागर निवासी फैजाबाद, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। दोनों सिंधु सेंटर स्थित ईशान नेट सोल प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे और इंटरनेट मेंटेनेंस का काम देखते थे।
पुलिस के अनुसार, मंगलवार रात करीब 12:30 बजे कंपनी में तकनीकी समस्या आने के बाद दोनों इंजीनियर उसका निरीक्षण करने जनरेटर रूम में गए थे। इसके बाद दोनों वहीं रह गए। बुधवार सुबह गार्ड ने दोनों को अचेत अवस्था में देखा और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पटेल नगर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं।
पटेल नगर कोतवाली प्रभारी नरेश राठौर ने बताया कि प्रथम दृष्टया जनरेटर से निकली गैस के कारण दम घुटने की आशंका है। मौत की सही वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।




