Connect with us

मां धारी देवी मंदिर के पास बनेगी दो मंजिला आधुनिक पार्किंग,100 वाहनों को मिलेगी जगह।

उत्तराखण्ड

मां धारी देवी मंदिर के पास बनेगी दो मंजिला आधुनिक पार्किंग,100 वाहनों को मिलेगी जगह।

संवादसूत्र देहरादून/पौड़ी: प्रसिद्ध मां धारी देवी मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को जल्द ही पार्किंग की बेहतर सुविधा मिल सकेगी। मंदिर के समीप करीब 100 वाहनों की क्षमता वाली आधुनिक दो मंजिला पार्किंग बनाने की योजना पर शासन स्तर पर कार्यवाही तेज कर दी गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के तहत प्रस्तावित इस परियोजना के लिए 0.14 हेक्टेयर भूमि चिह्नित कर ली गई है। भूमि हस्तांतरण और तकनीकी औपचारिकताओं की प्रक्रिया गतिमान है।

सचिव आवास एवं राज्य संपत्ति डॉ. आर. राजेश कुमार के निर्देशन में परियोजना से संबंधित कार्यवाही आगे बढ़ाई जा रही है। जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण पौड़ी के अनुसार, पार्किंग के लिए ग्राम कलियासौड़, पट्टी चलणल्यूं, तहसील श्रीनगर में भूमि चिह्नित की गई है। यह स्थल ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग के बाईं ओर श्रीनगर जल विद्युत परियोजना के जलाशय की डाउन साइड टर्निंग साइट के समीप स्थित है।

चिह्नित भूमि का जीआईएस के माध्यम से भू-सर्वेक्षण कराया जा चुका है। सर्वेक्षण में निर्धारित शर्तों के अधीन भूमि को पार्किंग निर्माण के लिए उपयुक्त पाया गया है। प्रस्तावित योजना के तहत करीब 20 मीटर × 70 मीटर क्षेत्र में दो मंजिला पार्किंग विकसित की जाएगी, जिसमें लगभग 100 वाहनों के खड़े होने की व्यवस्था होगी।

परियोजना के निर्माण के लिए कार्यदायी संस्था नामित करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। इस संबंध में जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण पौड़ी की ओर से सचिव आवास को प्रस्ताव भेजा गया है। कार्यदायी संस्था के चयन के बाद पार्किंग का आर्किटेक्चरल डिजाइन तैयार कराया जाएगा। इसके बाद मान्यता प्राप्त स्ट्रक्चरल इंजीनियर से संरचनात्मक डिजाइन तैयार कराकर निर्माण की आगामी प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

फिलहाल चिह्नित भूमि श्रीनगर जल विद्युत परियोजना के नाम दर्ज है और इसका प्रबंधन अलकनंदा हाइड्रो पावर कंपनी लिमिटेड कर रही है। ऐसे में भूमि हस्तांतरण से पहले संबंधित कंपनी से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) प्राप्त करना जरूरी है। एनओसी मिलने के बाद भूमि जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण पौड़ी के पक्ष में हस्तांतरित की जाएगी।

गौरतलब है कि मां धारी देवी मंदिर में वर्षभर श्रद्धालुओं का आवागमन रहता है। चारधाम यात्रा और धार्मिक पर्वों के दौरान यहां वाहनों की संख्या काफी बढ़ जाती है। पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से सड़क किनारे वाहन खड़े होने के कारण यातायात प्रभावित होता है। प्रस्तावित पार्किंग बनने से श्रद्धालुओं को व्यवस्थित पार्किंग की सुविधा मिलेगी और मंदिर क्षेत्र में यातायात व्यवस्था भी बेहतर हो सकेगी।

Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

Ad Ad

Trending News

Follow Facebook Page

About Us

उत्तराखण्ड की ताज़ा खबरों से अवगत होने हेतु संवाद सूत्र से जुड़ें तथा अपने काव्य व लेखन आदि हमें भेजने के लिए दिये गए ईमेल पर संपर्क करें!

Email: [email protected]

AUTHOR DETAILS –

Name: Deepshikha Gusain
Address: 4 Canal Road, Kaulagarh, Dehradun, Uttarakhand, India, 248001
Phone: +91 94103 17522
Email: [email protected]