उत्तराखण्ड
मुख्य सचिव ने उत्तरकाशी में हवाई पट्टी, महिला समूह और विद्यालय का किया निरीक्षण।



संवादसूत्र देहरादून/उत्तरकाशी: मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने शुक्रवार को अपने तीन दिवसीय सीमांत जनपद दौरे के पहले दिन चिन्यालीसौड़ हवाई पट्टी का निरीक्षण किया। उन्होंने हवाई पट्टी के एप्रन, रनवे, टर्मिनल भवन सहित विभिन्न बुनियादी सुविधाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
चीन सीमा से निकटता के कारण चिन्यालीसौड़ हवाई पट्टी सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है। इसके साथ ही आपातकालीन रेस्क्यू, आपदा प्रबंधन और वीवीआईपी आवाजाही के लिहाज से भी इसकी महत्वपूर्ण भूमिका है। मुख्य सचिव ने हवाई पट्टी की वर्तमान व्यवस्थाओं और विस्तार योजनाओं की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों से आवश्यक कार्यों के संबंध में चर्चा की।
इसके बाद मुख्य सचिव ने चिन्यालीसौड़ विकासखंड के ग्राम मल्ली पहुंचकर सर्वशक्ति क्लस्टर लेवल फेडरेशन (सीएलएफ) तुल्याड़ा के कलेक्शन सेंटर का उद्घाटन किया। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं और लखपति दीदियों से संवाद कर उनकी आजीविका गतिविधियों, उत्पादन और स्वरोजगार के अनुभवों की जानकारी ली। महिला उद्यमियों द्वारा तैयार उत्पादों का अवलोकन करते हुए उन्होंने उनके आर्थिक स्वावलंबन और सामाजिक सशक्तिकरण के प्रयासों की सराहना की।
महिला समूहों ने बताया कि यूजीवीएस-रीप, आजीविका परियोजना और आईएफएडी के वित्तीय एवं तकनीकी सहयोग से ग्रामीण महिलाएं विभिन्न स्वरोजगार गतिविधियों से जुड़कर आत्मनिर्भर बन रही हैं। इनमें बेकरी, स्ट्रॉबेरी उत्पादन, सिलाई सेंटर, ब्यूटी पार्लर, कैटरिंग, डेयरी, मुर्गी पालन तथा स्थानीय उत्पाद और अचार निर्माण जैसी गतिविधियां शामिल हैं।
इसके बाद मुख्य सचिव ने डुंडा विकासखंड स्थित पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज मातली का निरीक्षण किया। उन्होंने कक्षाओं में जाकर विद्यार्थियों से संवाद किया और उन्हें भविष्य की चुनौतियों का निडरता से सामना करने, उच्च लक्ष्य निर्धारित करने तथा अनुशासित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यालय की प्रयोगशालाओं, कंप्यूटर कक्ष, पेयजल व्यवस्था और अन्य सुविधाओं का भी जायजा लिया।
मुख्य सचिव ने दूरस्थ क्षेत्रों के राजकीय विद्यालयों में आधुनिक तकनीकी संसाधन उपलब्ध कराने और गुणवत्तापूर्ण पठन-पाठन का माहौल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विद्यालय परिसर में पौधारोपण करने के साथ उन्होंने शैक्षणिक, खेलकूद और अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया।
लंबी कूद में राज्य स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त कर राष्ट्रीय स्तर के लिए चयनित राजीव, कबड्डी में राज्य स्तर के लिए चयनित शुभम, गृह परीक्षा सत्र 2025-26 के उत्कृष्ट विद्यार्थियों लविश और अस्मित को सम्मानित किया गया। परिषदीय हाईस्कूल परीक्षा में विद्यालय की टॉपर निधि भट्ट और अनुष्का को भी उनकी उपलब्धि के लिए सम्मानित कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय, मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह, एसडीएम देवानंद शर्मा, सीओ चंचल शर्मा, मुख्य शिक्षा अधिकारी अमित कोटियाल, अधिशासी अभियंता सिंचाई सचिन सिंहल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।




