उत्तराखण्ड
विकास कार्यों के लिए 21 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति, सड़क और पुलिस आवासों के निर्माण को मिली मंजूरी।

संवादसूत्र देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में विभिन्न विकास योजनाओं और निर्माण कार्यों के लिए करीब 21 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। स्वीकृत धनराशि से सड़क सुधारीकरण, मोटर मार्ग निर्माण, पुलिस आवास, प्रशिक्षण एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए टिनशेड तथा पुलिस कार्यालयों में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्षों का निर्माण किया जाएगा।
राज्य योजना के तहत नैनीताल विधानसभा क्षेत्र में शहीद संजय बिष्ट मोटर मार्ग के किमी चार से तितोली तक मोटर मार्ग के सुधारीकरण के लिए 3.20 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं बागेश्वर विधानसभा क्षेत्र में देवलधार-माईथान लेटी-गिरेछीना मोटर मार्ग के अवशेष कार्य (किमी सात से किमी 11.500 तक) के निर्माण के लिए 1.67 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है।
टिहरी गढ़वाल में मोटना से झिवाली तक मोटर मार्ग के सुधारीकरण के लिए 3.30 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
इसके अलावा नैनीताल जिले के आरआरबी प्रथम बैलपड़ाव रामनगर वाहिनी परिसर में प्रशिक्षण एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए टिनशेड निर्माण हेतु 77.32 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। इसमें प्रथम किश्त के रूप में 46.39 लाख रुपये जारी किए जाएंगे।
अल्मोड़ा पुलिस लाइन में टाइप-द्वितीय के 16 और टाइप-तृतीय के छह आवासों के निर्माण के लिए 8.67 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके साथ ही पुलिस उपाधीक्षक बागेश्वर, चंपावत, धारचूला, खटीमा, रामनगर और श्रीनगर के कार्यालयों में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्षों के निर्माण के लिए 3.92 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है।




