उत्तराखण्ड
विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर सीईओ ने जिलाधिकारियों को दिए निर्देश।

संवादसूत्र देहरादून: आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन की तैयारियों को लेकर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने गुरुवार को सभी जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक की। उन्होंने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन और इलेक्शन प्लानर के अनुसार चरणबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि सभी मतदान केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण कर भवन की स्थिति, बिजली, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि मतदान केंद्रों पर व्यवस्थाओं को समय रहते दुरुस्त कर लिया जाए, ताकि निर्वाचन के दौरान किसी तरह की समस्या न हो।
उन्होंने सभी जिलाधिकारियों को आयोग द्वारा निर्धारित तिथियों के अनुसार जिला निर्वाचन अधिकारियों, रिटर्निंग अधिकारियों और स्टेट लेवल मास्टर ट्रेनर्स के प्रशिक्षण में प्रतिभाग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी जनपदों को स्वीप प्लान तैयार करने को कहा गया।
बैठक में बूथ और विधानसभा स्तर पर निर्वाचन कार्य में लगाए जाने वाले कार्मिकों का विवरण तैयार करने के साथ ही आवश्यक वाहनों और कार्मिकों की सूची तैयार करने के निर्देश भी दिए गए। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि आगामी माह में निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ अधिकारियों का उत्तराखंड दौरा संभावित है। इस दौरान जिलाधिकारियों के साथ चुनाव तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की जाएगी।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी जनपदों को निर्देश दिए कि आयोग की गाइडलाइन के अनुरूप सभी तैयारियां निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी कर ली जाएं। बैठक के दौरान उन्होंने विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की प्रगति की भी जनपदवार जानकारी ली।
बैठक में उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास सहित सभी जिलाधिकारी उपस्थित रहे।




