उत्तराखण्ड
लोखंडी में फंसे 80 पर्यटक सुरक्षित लौटे, बर्फबारी के बाद खुला चकराता मार्ग।

संवादसूत्र देहरादून: लोखंडी भ्रमण पर गए करीब 80 पर्यटक मंगलवार सुबह सकुशल अपने-अपने घरों के लिए रवाना हो गए। होटल व्यवसायी लिखिलेश चौहान और रोहन राणा ने बताया कि ये पर्यटक 22 जनवरी को लोखंडी घूमने पहुंचे थे।
शुक्रवार को क्षेत्र में हुई भारी बर्फबारी के कारण त्यूणी–चकराता–मसूरी–मलेथा राष्ट्रीय राजमार्ग पर करीब तीन फीट तक बर्फ जम गई थी। इसके चलते कोटीकनासर से चकराता तक लगभग 30 किलोमीटर लंबा मोटर मार्ग पूरी तरह बंद हो गया, जिससे पर्यटक रास्ते में फंस गए।
लगातार दो दिनों तक मार्ग अवरुद्ध रहने के बाद सोमवार शाम लोक निर्माण विभाग ने कड़ी मशक्कत कर सड़क को यातायात के लिए बहाल किया। मार्ग खुलते ही मंगलवार सुबह सभी पर्यटक सुरक्षित रूप से अपने गंतव्य की ओर रवाना हो सके।
प्रशासन और स्थानीय लोगों की तत्परता से किसी भी तरह की जनहानि नहीं हुई, जिससे पर्यटकों ने राहत की सांस ली।




