Connect with us

बर्नीगाड़ को 217 करोड़ की सौगात, मिनी स्टेडियम बनेगा; बड़कोट-चिन्यालीसौड़ के कॉलेज होंगे उच्चीकृत।

उत्तराखण्ड

बर्नीगाड़ को 217 करोड़ की सौगात, मिनी स्टेडियम बनेगा; बड़कोट-चिन्यालीसौड़ के कॉलेज होंगे उच्चीकृत।

संवादसूत्र देहरादून/उत्तरकाशी: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को उत्तरकाशी जिले के पुरोला विधानसभा क्षेत्र स्थित बर्नीगाड़ में लगभग 217 करोड़ रुपये की लागत के 38 विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। इनमें 30 विकास कार्यों का शिलान्यास और आठ कार्यों का लोकार्पण शामिल है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने राजकीय महाविद्यालय बर्नीगाड़ का शुभारंभ करने के साथ क्षेत्र में शिक्षा, खेल और सड़क सुविधाओं के विस्तार से जुड़ी कई घोषणाएं भी कीं।

मुख्यमंत्री ने राजकीय महाविद्यालय बर्नीगाड़ के स्थायी भवन एवं परिसर का निर्माण शीघ्र शुरू करने, राजा रघुनाथ देवडोकरी में मिनी स्टेडियम बनाने तथा बर्नीगाड़ थाला चौक से राजकीय इंटर कॉलेज बर्नीगाड़ तक मोटर मार्ग का निर्माण कराने की घोषणा की। उन्होंने राजकीय महाविद्यालय बड़कोट और चिन्यालीसौड़ को उच्चीकृत करने की भी घोषणा की। इसके अलावा डाडा गांव छानी से टटाऊ तक पुल और सड़क निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा कराने की बात कही।

194 करोड़ से अधिक की योजनाओं का शिलान्यास

मुख्यमंत्री ने 194 करोड़ रुपये से अधिक की लागत के 30 विकास कार्यों का शिलान्यास किया। इनमें लोक निर्माण विभाग पुरोला के पांच कार्यों पर छह करोड़ रुपये, लोक निर्माण विभाग बड़कोट के चार कार्यों पर 6.61 करोड़ रुपये, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) खंड पुरोला के 18 कार्यों पर 176.87 करोड़ रुपये और सिंचाई खंड पुरोला के तीन कार्यों पर 5.12 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

वहीं, 22 करोड़ रुपये से अधिक की लागत के आठ विकास कार्यों का लोकार्पण किया गया। इनमें लोक निर्माण विभाग बड़कोट का 97 लाख रुपये का एक कार्य, समग्र शिक्षा के 1.25 करोड़ रुपये के तीन कार्य, माध्यमिक शिक्षा का 1.36 करोड़ रुपये का एक कार्य और पीएमजीएसवाई खंड पुरोला के 18.76 करोड़ रुपये के तीन कार्य शामिल हैं। इन योजनाओं से क्षेत्र में सड़क संपर्क, सिंचाई, शिक्षा और अन्य आधारभूत सुविधाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

जनसेवा शिविर में बांटे चेक और उपकरण

सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित सेवा सेतु जनसेवा शिविर में मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने लाभार्थियों को चेक और उपकरण वितरित किए तथा अधिकारियों से सरकारी योजनाओं की प्रगति और आमजन को मिल रहे लाभों की जानकारी ली।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना है। सेवा सेतु अभियान के माध्यम से सरकार जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान करने का प्रयास कर रही है, ताकि लोगों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए बार-बार तहसील और जिला मुख्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें।

महाविद्यालय खुलने से विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ

मुख्यमंत्री ने कहा कि राजकीय महाविद्यालय बर्नीगाड़ के शुभारंभ से क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर मिलेंगे। महाविद्यालय के लिए भूमि उपलब्ध हो चुकी है और स्थायी भवन एवं परिसर के निर्माण की दिशा में जल्द कार्य शुरू किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि सड़क संपर्क और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार से पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। इससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी विकसित हो सकते हैं। राज्य सरकार दूरस्थ एवं पर्वतीय क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और रोजगार से जुड़ी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए कार्य कर रही है।

महिला सशक्तीकरण और रोजगार पर भी रखे विचार

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में 3.10 लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं सिलाई-बुनाई, हथकरघा, हस्तशिल्प और स्थानीय उत्पादों के माध्यम से अपनी आर्थिकी मजबूत कर रही हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री महालक्ष्मी योजना, मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजना और सरकारी सेवाओं में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण जैसी पहलों का भी उल्लेख किया।

उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने और भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए राज्य में सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। मुख्यमंत्री के अनुसार, पिछले पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी भर्ती प्रक्रियाओं के माध्यम से सरकारी नौकरियां मिली हैं।

मुख्यमंत्री ने चारधाम यात्रा, समान नागरिक संहिता, सख्त भू-कानून और अतिक्रमण के विरुद्ध कार्रवाई का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पर्वतीय क्षेत्रों में विकास और जनसुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता दे रही है।

इस अवसर पर पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए क्षेत्र में विकास कार्यों और राजकीय महाविद्यालय के शुभारंभ के लिए आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान, भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष नागेंद्र चौहान, दर्जाधारी राज्यमंत्री श्याम डोभाल, पूर्व विधायक मालचंद, अन्य जनप्रतिनिधि, जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय, मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह, महाविद्यालय के प्राचार्य पंकज पंत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

Ad Ad

Trending News

Follow Facebook Page

About Us

उत्तराखण्ड की ताज़ा खबरों से अवगत होने हेतु संवाद सूत्र से जुड़ें तथा अपने काव्य व लेखन आदि हमें भेजने के लिए दिये गए ईमेल पर संपर्क करें!

Email: [email protected]

AUTHOR DETAILS –

Name: Deepshikha Gusain
Address: 4 Canal Road, Kaulagarh, Dehradun, Uttarakhand, India, 248001
Phone: +91 94103 17522
Email: [email protected]