Connect with us

वैश्विक मंच पर उत्तराखंड की पहल, धामी ने आपदा प्रबंधन सम्मेलन का किया शुभारंभ।

उत्तराखण्ड

वैश्विक मंच पर उत्तराखंड की पहल, धामी ने आपदा प्रबंधन सम्मेलन का किया शुभारंभ।

संवादसूत्र देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मुख्यमंत्री आवास में विश्व आपदा प्रबंधन सम्मेलन-2026 का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने हिमालयन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, देहरादून के कॉरपस फंड के लिए एक करोड़ रुपये देने की घोषणा की। तीन दिवसीय इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में 50 से अधिक देशों के विशेषज्ञ, वैज्ञानिक, शिक्षाविद् और आपदा प्रबंधन संस्थानों के प्रतिनिधि प्रतिभाग कर रहे हैं। सम्मेलन में 30 से अधिक राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों की सहभागिता भी है। इसके विभिन्न सत्र छह महाद्वीपों में एक साथ आयोजित किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सम्मेलन उत्तराखंड को आपदा प्रबंधन, अनुसंधान और अंतरराष्ट्रीय सहयोग के क्षेत्र में वैश्विक पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इसके माध्यम से विभिन्न देशों के अनुभवों, आधुनिक तकनीकों और नवाचारों को साझा करने के साथ आपदाओं से निपटने के लिए प्रभावी रणनीतियों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन अब किसी एक देश या क्षेत्र का विषय नहीं, बल्कि पूरी मानवता की साझा जिम्मेदारी है।

सिलक्यारा रेस्क्यू ऑपरेशन का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2023 में सुरंग में फंसे 41 श्रमिकों को 17 दिनों के अथक प्रयासों के बाद सुरक्षित बाहर निकालना मानवता, साहस, धैर्य और सामूहिक संकल्प की ऐतिहासिक विजय थी। इस अभियान में इंजीनियरों, वैज्ञानिकों, रैट माइनर्स, सेना, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, केंद्रीय एवं राज्य एजेंसियों तथा स्थानीय नागरिकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार अभियान की जानकारी लेते रहे और आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहयोग प्रदान करते रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जलवायु परिवर्तन के कारण दुनिया के विभिन्न हिस्सों में अतिवृष्टि, बाढ़, सूखा, भूस्खलन और वनाग्नि जैसी घटनाएं बढ़ रही हैं। ऐसे में आपदा प्रबंधन को केवल राहत एवं बचाव तक सीमित रखने के बजाय पूर्वानुमान, पूर्व तैयारी और जोखिम न्यूनीकरण पर विशेष ध्यान देना होगा। उन्होंने कहा कि हिमालयी क्षेत्र पर्यावरणीय और भौगोलिक दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील है। केदारनाथ आपदा, चमोली आपदा और सिलक्यारा की घटना ने विकास तथा पर्यावरण के बीच संतुलन की आवश्यकता को स्पष्ट किया है।

उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग, रिमोट सेंसिंग, जीआईएस, सैटेलाइट मॉनिटरिंग और ड्रोन तकनीक के माध्यम से आपदा संबंधी जोखिमों का बेहतर आकलन किया जा सकता है। इन तकनीकों का लाभ प्रदेश के दूरस्थ गांवों तक पहुंचना चाहिए, ताकि समय रहते चेतावनी जारी कर जन-धन की हानि को कम किया जा सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा से निपटने की तैयारी की शुरुआत घर, गांव, विद्यालय और स्थानीय समुदाय से होनी चाहिए। प्रशिक्षित युवा, पंचायतें और समुदाय आधारित चेतावनी प्रणाली आपदा के प्रभाव को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार एसडीआरएफ को मजबूत बनाने, आधुनिक उपकरण उपलब्ध कराने, संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी, पूर्व चेतावनी प्रणाली और स्थानीय समुदायों के प्रशिक्षण पर विशेष ध्यान दे रही है।

धराली आपदा का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद वह स्वयं प्रभावित क्षेत्र पहुंचे और लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान गुजरात की एक महिला द्वारा उन्हें धर्मभाई मानकर राखी बांधने का प्रसंग उनके लिए भावनात्मक अनुभव रहा। उन्होंने कहा कि आपदा प्रभावित परिवारों का विश्वास सरकार को हर परिस्थिति में उनके साथ खड़े रहने की प्रेरणा देता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास की कोई भी परियोजना मानव जीवन से अधिक महत्वपूर्ण नहीं हो सकती। प्रत्येक विकास योजना में पर्यावरणीय संतुलन, सुरक्षा और आपदा प्रबंधन को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने विश्वास जताया कि सम्मेलन में होने वाला मंथन उत्तराखंड सहित पूरे हिमालयी क्षेत्र और विश्व के अन्य संवेदनशील क्षेत्रों के लिए उपयोगी साबित होगा।

इस अवसर पर उत्तराखंड आपदा प्रबंधन सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष विनय कुमार रोहिल्ला, दून विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ. सुरेखा डंगवाल, पद्मभूषण डॉ. अनिल प्रकाश जोशी, राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के सदस्य डॉ. दिनेश कुमार असवाल सहित विभिन्न देशों से आए प्रतिनिधि, विशेषज्ञ, वैज्ञानिक, शिक्षाविद् और अधिकारी उपस्थित रहे।

Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

Ad Ad

Trending News

Follow Facebook Page

About Us

उत्तराखण्ड की ताज़ा खबरों से अवगत होने हेतु संवाद सूत्र से जुड़ें तथा अपने काव्य व लेखन आदि हमें भेजने के लिए दिये गए ईमेल पर संपर्क करें!

Email: [email protected]

AUTHOR DETAILS –

Name: Deepshikha Gusain
Address: 4 Canal Road, Kaulagarh, Dehradun, Uttarakhand, India, 248001
Phone: +91 94103 17522
Email: [email protected]