उत्तराखण्ड
सड़क सुरक्षा अभियान में तेजी लाने के निर्देश, नियम तोड़ने वालों पर होगी कार्रवाई।

संवादसूत्र देहरादून: प्रदेश में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गंभीर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने सड़क हादसों पर अंकुश लगाने और दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को रोकने के लिए प्रदेशभर में विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने परिवहन विभाग, पुलिस, जिला प्रशासन और सड़क निर्माण से जुड़े विभागों को आपसी समन्वय के साथ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि निर्धारित गति सीमा से अधिक वाहन चलाने, ओवरलोडिंग, नशे में ड्राइविंग और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए। हेलमेट, सीट बेल्ट सहित अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भी सख्ती बरती जाए। उन्होंने विशेष रूप से पर्वतीय मार्गों पर वाहनों की फिटनेस, निर्धारित यात्री क्षमता और चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस की नियमित जांच सुनिश्चित करने को कहा।
मुख्यमंत्री ने पूर्व में हुई सड़क दुर्घटनाओं के कारणों का गहन विश्लेषण करने और दुर्घटना संभावित स्थलों को चिह्नित कर वहां आवश्यक सुधारात्मक एवं सुरक्षात्मक उपाय करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पर्वतीय मार्गों पर सड़क सुरक्षा से जुड़े इंतजामों को और प्रभावी बनाया जाए, ताकि दुर्घटनाओं की आशंका को कम किया जा सके।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा के मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी संबंधित विभागों की जवाबदेही तय करते हुए सुरक्षा उपायों के क्रियान्वयन की नियमित समीक्षा की जाए। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं और उनमें होने वाली जनहानि को न्यूनतम करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी विभाग ठोस, प्रभावी और परिणामोन्मुखी कार्रवाई सुनिश्चित करें।



