उत्तराखण्ड
बदरीनाथ से देहरादून लौट रहा हेलीकॉप्टर क्रैश, पायलट समेत छह लोग लापता।

संवादसूत्र देहरादून: बदरीनाथ धाम से देहरादून के सहस्रधारा लौट रहा एक हेलीकॉप्टर क्रैश होने की सूचना है। बताया जा रहा है कि हेलीकॉप्टर में पायलट समेत छह लोग सवार थे। हादसे की सूचना मिलते ही उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूकाडा) और पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया है। हेलीकॉप्टर की लोकेशन और उसमें सवार लोगों की स्थिति का पता लगाने के लिए सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, हादसे के बाद से हेलीकॉप्टर के पायलट कैप्टन हिमांशु से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन अब तक संपर्क नहीं हो पाया है। हेलीकॉप्टर की लोकेशन का पता लगाने के लिए ड्रोन की मदद ली जा रही है। खराब मौसम के बीच खोजबीन में टीमों को जुटाया गया है। फिलहाल हेलीकॉप्टर और उसमें सवार लोगों के बारे में कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
हेलीकॉप्टर में सवार छह लोग लापता
प्राप्त जानकारी के अनुसार हेलीकॉप्टर में पायलट कैप्टन हिमांशु के अलावा पांच यात्री सवार थे। इनमें प्रताप, अरुण, शंकर गौड़ा, सुधीर के और एचएस नटराज शामिल हैं। सभी की तलाश की जा रही है। प्रशासन और बचाव दल की टीमें हेलीकॉप्टर का पता लगाने में जुटी हुई हैं।
ये हुए लापता
पायलट:
- कैप्टन हिमांशु
यात्री: - प्रताप (पुरुष)
- अरुण (पुरुष)
- शंकर गौड़ा (पुरुष)
- सुधीर के (पुरुष)
- एच.एस. नटराज (पुरुष)



