उत्तराखण्ड
मुख्यमंत्री के निर्देश पर नामांतरण अभियान, 4,943 मामलों का निस्तारण।

संवादसूत्र देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर प्रदेश में चलाए गए विरासत अभियान के तहत संपत्ति नामांतरण के 4,943 मामलों का निस्तारण किया गया है। अभियान के अंतर्गत धारा-34 और धारा-33ए के तहत कुल 10,404 प्रकरण दर्ज किए गए थे। इनमें से 17 अक्टूबर 2026 तक 4,943 प्रकरणों का निस्तारण किया जा चुका है।
म्यूटेशन डे के दौरान उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, धारा-34 के तहत 9,244 प्रकरण दर्ज किए गए, जिनमें से 3,835 का निस्तारण हुआ। वहीं, धारा-33ए के तहत दर्ज 1,160 प्रकरणों में से 1,108 का निस्तारण किया जा चुका है। इस तरह दोनों धाराओं के तहत कुल 4,943 मामलों का निस्तारण हुआ है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य आमजन को सरकारी सेवाओं का लाभ सरल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराना है। विरासत अभियान इसी दिशा में उठाया गया कदम है। संपत्ति से जुड़े निर्विवाद मामलों के निस्तारण में देरी होने से लोगों को अनावश्यक परेशानी उठानी पड़ती है। ऐसे मामलों का शीघ्र निस्तारण कर नागरिकों को राहत देना सरकार की प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान के तहत प्राप्त मामलों की नियमित समीक्षा की जाए और शेष प्रकरणों का नियमानुसार जल्द निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। इससे लोगों को राजस्व कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
राज्य सरकार की इस पहल का उद्देश्य राजस्व सेवाओं को सरल बनाना, संपत्ति के विरासत संबंधी मामलों में लंबित प्रक्रिया को गति देना और आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है।



