उत्तराखण्ड
एसआईआर के बाद अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित, 71.59 लाख मतदाता शामिल।

संवादसूत्र देहरादून: उत्तराखंड में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर एक जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर कराए गए विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद शनिवार, 3 अक्टूबर को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया। अंतिम सूची में कुल 71,58,949 मतदाता शामिल हैं। इनमें 37,37,701 पुरुष, 34,21,036 महिला और 212 थर्ड जेंडर मतदाता हैं। प्रदेश में अब कुल 12,543 मतदेय स्थल हैं।
उत्तराखंड में एसआईआर की प्रक्रिया 8 जून 2026 से शुरू हुई थी। उस समय प्रदेश की मतदाता सूची में 79,60,762 मतदाता दर्ज थे। गणना फार्म के वितरण और संकलन के बाद 14 जुलाई को ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित की गई, जिसमें 71,33,785 मतदाता शामिल थे। इसके बाद 14 जुलाई से 13 अगस्त तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराई गईं। 13 अगस्त से 28 सितंबर तक इनका निस्तारण किया गया। इसके बाद 3 अक्टूबर को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की गई।
अंतिम सूची में 1,29,872 नए मतदाताओं को शामिल किया गया है, जबकि नियमानुसार 1,04,708 मतदाताओं के नाम सूची से विलोपित किए गए हैं। सूची में 18-19 आयु वर्ग के 72,656 मतदाता तथा 80 वर्ष से अधिक आयु के 1,22,892 मतदाता शामिल हैं।
निर्वाचन विभाग के अनुसार अंतिम मतदाता सूची भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट और मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तराखंड की वेबसाइट पर ऑनलाइन देखी जा सकती है। इसके अलावा जिला निर्वाचन अधिकारी (डीईओ), निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) कार्यालय तथा बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) से भी सूची प्राप्त की जा सकती है।
छूटे मतदाताओं के लिए चलेगा विशेष अभियान
अंतिम सूची प्रकाशित होने के बाद भी ऐसे पात्र व्यक्ति, जो किसी कारणवश मतदाता सूची में शामिल नहीं हो सके हैं, फॉर्म-6 भरकर अपना नाम जुड़वा सकेंगे। इसके लिए ईसीआई नेट ऐप के माध्यम से ऑनलाइन तथा बीएलओ के जरिए ऑफलाइन आवेदन किया जा सकता है। निर्वाचन विभाग की ओर से विशेष कैंप लगाए जाएंगे और बीएलओ को घर-घर जाकर जानकारी जुटाने के निर्देश दिए गए हैं।
बीएलओ प्री-एसआईआर की सूची का मौजूदा मतदाता सूची से मिलान करेंगे। ऐसे मतदाताओं की पहचान की जाएगी, जिनके नाम पहले की सूची में थे, लेकिन वर्तमान सूची में नहीं हैं। इसके बाद बीएलओ घर-घर जाकर उनकी वर्तमान स्थिति की जानकारी लेंगे और पात्र पाए जाने पर फॉर्म-6 भरने में मदद करेंगे।
इस अभियान के दौरान पहली बार मतदान करने वाले युवाओं और छूटे हुए मतदाताओं को भी सूची में शामिल करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। बीएलओ द्वारा तैयार सूची को मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों के साथ साझा किया जाएगा। इसके बाद ईआरओ भी बूथवार सूची राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ साझा करेंगे, ताकि छूटे हुए पात्र मतदाताओं के नाम सूची में शामिल कराने का अवसर मिल सके।
इसके अलावा आवेदन प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए बूथ लेवल कैंप लगाए जाएंगे। नाइट शेल्टर, लेबर कॉलोनी, बेघर तथा हाशिए पर रहने वाले लोगों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे।



