उत्तराखण्ड
जनगणना-2027 की तैयारियां पूरी,1 दिसंबर से घर-घर पहुंचेगी टीम।

संवादसूत्र देहरादून: उत्तराखंड में जनगणना-2027 के द्वितीय चरण यानी जनसंख्या गणना की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रदेश में एक दिसंबर 2026 से चार जनवरी 2027 तक घर-घर जाकर जनसंख्या गणना की जाएगी। इससे पहले 16 से 30 नवंबर तक नागरिकों को ऑनलाइन स्व-गणना की सुविधा मिलेगी। इसके तहत लोग आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in पर स्वयं अपने परिवार का विवरण दर्ज कर सकेंगे।
जनगणना निदेशालय की ओर से मंगलवार को आयोजित प्रेस वार्ता में निदेशक इवा आशीष श्रीवास्तव और सचिव जनगणना दीपक कुमार ने बताया कि प्रदेश में जनसंख्या गणना के लिए कुल 34,443 गणना ब्लॉक निर्धारित किए गए हैं। इसके लिए 26,830 प्रगणक और 4,676 पर्यवेक्षक तैनात किए गए हैं। अब तक 29,515 प्रगणकों और 5,223 पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। प्रशिक्षण के लिए 23 मास्टर ट्रेनर और 570 फील्ड ट्रेनर लगाए गए हैं। अब तक 712 प्रशिक्षण बैच आयोजित किए जा चुके हैं।
अधिकारियों ने बताया कि जनसंख्या गणना के दौरान प्रगणक घर-घर जाकर परिवार के प्रत्येक सदस्य से संबंधित 40 बिंदुओं पर जानकारी जुटाएंगे। इसमें नाम, परिवार के मुखिया से संबंध, लिंग, जन्मतिथि, आयु, वैवाहिक स्थिति, राष्ट्रीयता, धर्म, जाति, मातृभाषा, साक्षरता, शिक्षा, आर्थिक गतिविधियों, व्यवसाय, जन्म स्थान और प्रवास से संबंधित विवरण शामिल होंगे। इसके अलावा अधिसूचना के अनुसार बैंक खातों की संख्या तथा मोबाइल नंबर, आधार, मतदाता पहचान पत्र, पासपोर्ट और ड्राइविंग लाइसेंस की उपलब्धता से संबंधित जानकारी भी ली जाएगी।
जनगणना के लिए संदर्भ तिथि पांच जनवरी 2027 की मध्यरात्रि निर्धारित की गई है। घर-घर गणना का कार्य पूरा होने के बाद पांच से नौ जनवरी 2027 तक पुनरीक्षण दौर आयोजित किया जाएगा।
व्यक्तिगत जानकारी पूरी तरह गोपनीय रहेगी
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनगणना अधिनियम, 1948 के तहत एकत्र किए जाने वाले सभी व्यक्तिगत आंकड़े पूरी तरह गोपनीय रखे जाएंगे। इनका इस्तेमाल केवल सांख्यिकीय और जनहित संबंधी उद्देश्यों के लिए किया जाएगा। डिजिटल प्लेटफॉर्म पर आंकड़ों की सुरक्षा के लिए मजबूत एन्क्रिप्शन और बहुस्तरीय प्रमाणीकरण जैसी आधुनिक व्यवस्थाएं की गई हैं।
सहायता के लिए हेल्पलाइन और व्हाट्सऐप नंबर जारी
नागरिकों की सुविधा के लिए व्हाट्सऐप चैटबॉट नंबर 18001801855, 9456120332 और 9456551589 जारी किए गए हैं। इसके अलावा जनगणना संबंधी जानकारी और सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 1855 पर संपर्क किया जा सकता है।
अधिकारियों ने प्रदेशवासियों से 16 से 30 नवंबर तक ऑनलाइन स्व-गणना सुविधा का लाभ उठाने और प्रगणकों को सही एवं पूरी जानकारी उपलब्ध कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनगणना से प्राप्त आंकड़े आने वाले दशक की विकास योजनाओं, संसाधनों के वितरण और नीतिगत निर्णयों का आधार बनेंगे।
प्रेस वार्ता में संयुक्त निदेशक एसएस नेगी, उप निदेशक प्रवीण कुमार, आरके बनवारी, सहायक निदेशक संजीव कुमार और वरिष्ठ अनुसंधान अधिकारी अंजू आजाद सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।



