उत्तराखण्ड
पहाड़ की महिलाओं को आर्थिक मजबूती देगी बैणी-भुली योजना, पांच लाख से अधिक को मिलेगा लाभ।


संवादसूत्र देहरादून/चमोली: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मातृशक्ति का सम्मान, स्वावलंबन और सशक्तीकरण राज्य सरकार की प्राथमिकता है। बैणी-भुली योजना के माध्यम से प्रदेश की पांच लाख से अधिक महिलाओं को आर्थिक संबल प्रदान किया जाएगा। योजना की पहली किस्त दिसंबर में सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाएगी।
मुख्यमंत्री मंगलवार को चमोली जिले के पीपलकोटी में आयोजित मातृशक्ति सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान पारंपरिक वाद्ययंत्रों, कलश यात्रा और पुष्पवर्षा के साथ उनका स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री ने रोड शो के दौरान लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। उन्होंने सम्मेलन स्थल पर लगे विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण भी किया। इस दौरान महिलाओं के साथ सिलबट्टे पर पहाड़ी नमक पीसा, जांदरा से अनाज पीसा और मथानी से दही मथकर पहाड़ की पारंपरिक जीवनशैली से जुड़ाव प्रदर्शित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की महिलाएं परिवार के पालन-पोषण के साथ कृषि, पशुपालन, पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभा रही हैं। चमोली की धरती से शुरू हुए ऐतिहासिक चिपको आंदोलन में गौरा देवी और उनकी साथी महिलाओं ने पर्यावरण संरक्षण का जो संदेश दिया, वह आज भी पूरी दुनिया के लिए प्रेरणास्रोत है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक सशक्तीकरण के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं संचालित की जा रही हैं। राज्य सरकार ने सरकारी सेवाओं में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण और सहकारी समितियों में 33 प्रतिशत आरक्षण दिया है। समान नागरिक संहिता लागू कर महिलाओं के समान अधिकारों की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।
धामी ने कहा कि नंदा गौरा योजना के तहत बेटी के जन्म पर 11 हजार रुपये और 12वीं उत्तीर्ण करने पर 51 हजार रुपये की सहायता दी जा रही है। पिछले चार वर्षों में चमोली जिले के नौ विकासखंडों में 900 से अधिक गरीब परिवारों की महिलाओं को विभिन्न योजनाओं के माध्यम से तीन करोड़ रुपये से अधिक की सहायता दी गई है। स्वयं सहायता समूहों, स्वरोजगार और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देकर महिलाओं की आजीविका के अवसर बढ़ाए जा रहे हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया। पर्यावरण संरक्षण, श्रमदान, अल्प बचत और नशामुक्ति के लिए महिला मंगल दल मैडठैली की अध्यक्ष उत्तरा देवी और पाखी की अध्यक्ष मीना देवी को सम्मानित किया गया। मधुमक्खी पालन के लिए भुवना देवी, खेती के लिए रामेश्वरी देवी, बांस उत्पाद निर्माण के लिए उषा देवी और प्राकृतिक खेती के लिए लीला देवी को सम्मानित किया गया।
कृषि क्षेत्र में माहेश्वरी देवी, अनुसूया कुंवर और बिमला देवी, खेल क्षेत्र में निशा और स्वाति बड़वाल तथा लखपति दीदी के रूप में निरजा, रामेश्वरी देवी और अनीता देवी को सम्मानित किया गया। हाईस्कूल में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं के साथ कवयित्री सुरभी देवी और मांगल गीत गायिका नन्दा सती को भी सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को सहायता राशि के चेक वितरित किए। इनमें पॉलीहाउस, कृषि, पशुपालन, अटल आवास और अनुसूचित जाति पुत्री शादी अनुदान योजना के लाभार्थी शामिल रहे। मिलेट्स उत्पादन में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला किसानों को जिला स्तरीय किसान भूषण पुरस्कार भी प्रदान किए गए।
149.77 करोड़ की योजनाओं की सौगात
मुख्यमंत्री ने चमोली जिले में कुल 149.77 करोड़ रुपये की 30 विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें 133.59 करोड़ रुपये की 16 योजनाओं का शिलान्यास और 16.18 करोड़ रुपये की 14 योजनाओं का लोकार्पण शामिल है। इन योजनाओं से सड़क, पुल, स्वास्थ्य, शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं को मजबूती मिलेगी।
प्रमुख कार्यों में गोविंदघाट में मोटर पुल निर्माण, ग्वालदम-नंदकेशरी और थराली-देवाल-मुंदोली-वाण मोटर मार्गों का सुधारीकरण, हापला-मसौली से गुडम नैल तथा ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग से जयकंडी-ग्वाड़ मोटर मार्ग का निर्माण शामिल है।
लोकार्पित योजनाओं में आईटीआई गोपेश्वर में कार्यशाला निर्माण, गौचर और उर्गम में स्वास्थ्य इकाइयों की स्थापना तथा विभिन्न राजकीय इंटर कॉलेजों में प्रयोगशालाओं एवं कक्षा-कक्षों का निर्माण शामिल है।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने हेलंग-डूंगरी बरोसी मोटर मार्ग, गोपेश्वर-पोखरी मोटर मार्ग और त्रिशूला-भदूड़ा मोटर मार्ग के निर्माण एवं सुधारीकरण की घोषणा भी की।
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, प्रभारी मंत्री भरत सिंह चौधरी, विधायक अनिल नौटियाल और भूपाल राम टम्टा, महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, जिलाधिकारी गौरव कुमार सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।



