Connect with us

आईएफएफआई में गूंजेगी हिमालय की संस्कृति, लद्दाखी और कश्मीरी भाषा की चार फिल्मों का चयन।

उत्तराखण्ड

आईएफएफआई में गूंजेगी हिमालय की संस्कृति, लद्दाखी और कश्मीरी भाषा की चार फिल्मों का चयन।

संवादसूत्र देहरादून: गोवा में आयोजित होने वाले 57वें अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (आईएफएफआई) में इस बार हिमालयी क्षेत्र की संस्कृति, परंपराओं और जनजीवन की झलक देखने को मिलेगी। लद्दाखी और कश्मीरी भाषा की चार फिल्मों का चयन महोत्सव के लिए किया गया है। इनमें दो फीचर और दो गैर-फीचर फिल्में शामिल हैं। ये फिल्में हिमालय के पहाड़ों, बर्फ से ढके गांवों, मठों, पारंपरिक कलाओं और स्थानीय लोगों के संघर्ष व सपनों को पर्दे पर उतारेंगी।

लद्दाखी भाषा की फिल्म ‘बिकमिंग’ भारतीय पैनोरमा के गैर-फीचर फिल्म खंड की उद्घाटन फिल्म होगी। लीना यादव के निर्देशन में बनी 11 मिनट की यह फिल्म लद्दाख की एक युवा मां रिंचेन और उसके बेटे अग्याल की कहानी है। अग्याल बचपन से ही प्रकृति और आध्यात्मिक दुनिया से एक अलग जुड़ाव महसूस करता है। सात वर्ष की उम्र में उसे प्राचीन लिकिर मठ की ओर आकर्षण होता है और वह ऐसी यादें बताने लगता है, जो किसी पिछले जन्म से जुड़ी प्रतीत होती हैं। मठ में एक बंद कमरे में रखे बक्से की वस्तुओं को पहचानने के बाद भिक्षुओं को विश्वास हो जाता है कि वह एक सम्मानित रिम्पोछे का पुनर्जन्म है। फिल्म पुनर्जन्म, आस्था और जीवन के विभिन्न पड़ावों के बीच संबंधों को दर्शाती है।

लद्दाखी भाषा की दूसरी फिल्म ‘बर्ड्स ऑन आइस’ है। साहिल शाह के निर्देशन में बनी 85 मिनट की इस फीचर फिल्म का चयन भारतीय पैनोरमा फीचर फिल्म खंड के साथ सर्वश्रेष्ठ नवोदित फीचर फिल्म निर्देशक श्रेणी के लिए भी हुआ है। फिल्म ताशी नाम की एक छोटी बच्ची की कहानी है, जो अपने दादा के साथ रहती है। आइस हॉकी स्केट्स मिलने के बाद उसके मन में हॉकी खेलने का सपना जन्म लेता है। कठोर हिमालयी सर्दियों, पारिवारिक परिस्थितियों और जीवन की मुश्किलों के बीच ताशी अपनी दोस्त के साथ सपने को पूरा करने की कोशिश करती है।

कश्मीरी भाषा की फीचर फिल्म ‘स्लेज’ का निर्देशन राजा शब्बीर मोहम्मद खान ने किया है। 75 मिनट की इस फिल्म का आईएफएफआई में एशिया प्रीमियर होगा। फिल्म गुलमर्ग के पास बर्फ से ढके एक गांव में रहने वाले अली और उसके तीन बच्चों की कहानी है। परिवार की आजीविका लकड़ी की स्लेज पर निर्भर है। पिता की अनुपस्थिति में बच्चे खेलते समय स्लेज तोड़ देते हैं। उसे ठीक कराने के लिए पैसे जुटाने की कोशिश में वे कई मुश्किलों का सामना करते हैं। इस दौरान उन्हें पैसों और चॉकलेट से भरा एक खोया हुआ बैग मिलता है, जिसके बाद उनके सामने ईमानदारी और नैतिकता की परीक्षा खड़ी हो जाती है। राजा खान की डॉक्यूमेंट्री ‘शेफर्ड्स ऑफ पैराडाइज’ को राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिल चुका है।

वहीं, कश्मीरी भाषा की 12 मिनट की डॉक्यूमेंट्री ‘नक्श-ए-दौर’ का निर्देशन बाबा तसद्दुक हुसैन ने किया है। फिल्म श्रीनगर के प्रसिद्ध अखरोट की लकड़ी पर नक्काशी करने वाले पद्मश्री गुलाम नबी डार के जीवन और कला पर आधारित है। छह दशक से अधिक समय से इस पारंपरिक शिल्प को जीवित रखे हुए डार अपनी कला के जरिए कश्मीर की सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं। फिल्म बदलते समय में पारंपरिक कला के संरक्षण और अगली पीढ़ी तक इसे पहुंचाने के उनके प्रयासों को सामने लाती है।

इन चारों फिल्मों के चयन से अंतरराष्ट्रीय मंच पर हिमालयी क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत, स्थानीय जीवन और लोककला को नई पहचान मिलने की उम्मीद है।

Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

Ad Ad

Trending News

Follow Facebook Page

About Us

उत्तराखण्ड की ताज़ा खबरों से अवगत होने हेतु संवाद सूत्र से जुड़ें तथा अपने काव्य व लेखन आदि हमें भेजने के लिए दिये गए ईमेल पर संपर्क करें!

Email: [email protected]

AUTHOR DETAILS –

Name: Deepshikha Gusain
Address: 4 Canal Road, Kaulagarh, Dehradun, Uttarakhand, India, 248001
Phone: +91 94103 17522
Email: [email protected]