उत्तराखण्ड
अर्धकुंभ मेला-2027 के लिए केंद्र ने उत्तराखंड को दिया 14,520 मीट्रिक टन अतिरिक्त खाद्यान्न।

संवादसूत्र देहरादून: हरिद्वार में प्रस्तावित अर्धकुंभ मेला-2027 के सफल आयोजन के लिए केंद्र सरकार ने उत्तराखंड को 14,520 मीट्रिक टन अतिरिक्त खाद्यान्न आवंटित किया है। इसमें 7,260 मीट्रिक टन गेहूं और 7,260 मीट्रिक टन चावल शामिल हैं। इस अतिरिक्त आवंटन से मेले के दौरान खाद्यान्न की पर्याप्त उपलब्धता और सुचारु आपूर्ति सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
केंद्र सरकार के खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग की ओर से यह आवंटन किया गया है। केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने पत्र के माध्यम से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को इसकी जानकारी दी। दरअसल, अर्धकुंभ मेले के दौरान श्रद्धालुओं और अन्य व्यवस्थाओं के लिए खाद्यान्न की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने के उद्देश्य से उत्तराखंड सरकार ने केंद्र से अतिरिक्त खाद्यान्न आवंटित करने का अनुरोध किया था।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अतिरिक्त खाद्यान्न आवंटन के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि इस आवंटन से अर्धकुंभ के दौरान खाद्य सामग्री की उपलब्धता, आपूर्ति और वितरण व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में मदद मिलेगी। सरकार मेले के सफल और व्यवस्थित आयोजन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने में जुटी है।



