उत्तराखण्ड
वर्ल्डस्किल्स में उत्तराखंड का परचम, सानिया और पार्थ ने जीते रजत पदक।


संवादसूत्र देहरादून: चीन के शंघाई में 22 से 27 सितंबर तक आयोजित 48वीं वर्ल्डस्किल्स प्रतियोगिता-2026 में उत्तराखंड के दो युवाओं ने देश का प्रतिनिधित्व करते हुए रजत पदक हासिल किए। उत्तरकाशी की सानिया जोशी ने रिटेल सेल्स और देहरादून के पार्थ वोहरा ने औद्योगिक डिजाइन तकनीकी कौशल में रजत पदक जीतकर प्रदेश का मान बढ़ाया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और कौशल विकास एवं सेवायोजन मंत्री सौरभ बहुगुणा ने दोनों युवाओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि विश्व के प्रतिष्ठित कौशल मंच पर उत्तराखंड के युवाओं का देश का प्रतिनिधित्व करते हुए पदक हासिल करना प्रदेश के लिए गौरव की बात है। यह उपलब्धि अन्य युवाओं को भी कौशल विकास और उत्कृष्टता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।
परियोजना निदेशक उत्तराखंड कौशल विकास समिति नरेंद्र सिंह भंडारी ने बताया कि वर्ल्डस्किल्स प्रतियोगिता को कौशल के क्षेत्र में ओलंपिक के समान प्रतिष्ठित वैश्विक मंच माना जाता है। इस वर्ष प्रतियोगिता में करीब 1,400 प्रतिभागियों ने 64 विभिन्न कौशल विधाओं में हिस्सा लिया। भारत ने आठ रजत पदक और 20 मेडलियन्स फॉर एक्सीलेंस हासिल करते हुए विश्व स्तर पर 10वां स्थान प्राप्त किया, जो प्रतियोगिता में भारत का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।
उन्होंने बताया कि सानिया जोशी और पार्थ वोहरा ने इंडियास्किल्स की राज्य, क्षेत्रीय और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के बाद वर्ल्डस्किल्स के लिए जगह बनाई। कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग और उत्तराखंड कौशल विकास समिति ने दोनों प्रतिभागियों को प्रशिक्षण, बूट कैंप, यात्रा समेत अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं में सहयोग दिया। अंतरराष्ट्रीय स्तर की तैयारियों के लिए नेशनल स्किल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन की ओर से भी प्रशिक्षण और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया गया।




