उत्तराखण्ड
दोहरे मतदाताओं पर निर्वाचन विभाग की नजर, होगी जांच।

संवादसूत्र देहरादून: उत्तराखंड में मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के लिए दोहरे नाम वाले मतदाताओं की पहचान कर डीएसई (डुप्लीकेट सिमिलर एंट्री) मॉड्यूल के माध्यम से जांच की जाएगी। नियमानुसार जांच के बाद ऐसे मामलों का निस्तारण किया जाएगा।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम की अध्यक्षता में शुक्रवार को मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ आयोजित बैठक में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) अभियान की प्रगति की समीक्षा की गई। इस दौरान राजनीतिक दलों को प्रस्तुतीकरण के माध्यम से अभियान की विस्तृत जानकारी दी गई।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदाता सूची में नाम, पते अथवा अन्य विवरणों से संबंधित त्रुटियों को सुधारने के लिए दावे और आपत्तियां दर्ज करने की अवधि तक लगातार अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने राजनीतिक दलों से अपील की कि वे अपने बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) के माध्यम से भी मतदाताओं की त्रुटियां ठीक कराने के लिए फार्म-8 भरवाएं।
उन्होंने बताया कि 12 नवंबर 2026 से अब तक एसएसआर अभियान के तहत करीब 50 हजार फार्म-6, आठ हजार फार्म-7 और 43 हजार फार्म-8 प्राप्त हो चुके हैं।
निर्वाचन आयोग के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक दावे और आपत्तियां दर्ज की जा सकेंगी। इसके बाद 28 दिसंबर 2026 तक इनकी सुनवाई और निस्तारण किया जाएगा। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को होगा।
बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास सहित भाजपा से राजकुमार पुरोहित और अरविंद जैन, कांग्रेस से मनोज रावत, बसपा से सतेंद्र सिंह, आम आदमी पार्टी से सीपी सिंह तथा माकपा से अनंत आकाश उपस्थित रहे।



