Connect with us

पौड़ी में दर्दनाक हादसा:300 फीट गहरी खाई में गिरी इको वैन,आठ की मौत, पांच घायल

उत्तराखण्ड

पौड़ी में दर्दनाक हादसा:300 फीट गहरी खाई में गिरी इको वैन,आठ की मौत, पांच घायल

संवादसूत्र देहरादून/पौड़ी: जिले के रिखणीखाल ब्लॉक में शनिवार को हुए भीषण सड़क हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। रिखणीखाल-सतपुली मोटर मार्ग पर कलवाड़ी गांव के पास यात्रियों से भरी इको वैन अनियंत्रित होकर करीब 300 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में जान गंवाने वालों में सात महिलाएं और वाहन चालक शामिल हैं। सभी महिलाएं भंगलवाड़ गांव की निवासी थीं और स्वयं सहायता समूह से जुड़ी हुई थीं।

जानकारी के अनुसार, शनिवार को महिलाएं स्वयं सहायता समूह की बैठक और अन्य जरूरी कार्यों के लिए सिद्धखाल बाजार गई थीं। काम निपटाने के बाद सभी इको वैन से अपने गांव लौट रही थीं। इसी दौरान कलवाड़ी के पास वाहन अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोग तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस और राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से खाई में रेस्क्यू अभियान चलाया गया। काफी मशक्कत के बाद वाहन में सवार लोगों को बाहर निकाला गया। सात लोगों के शव घटनास्थल से बरामद किए गए, जबकि चार घायलों को निकालकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रिखणीखाल पहुंचाया गया। उपचार के दौरान एक महिला ने दम तोड़ दिया। गंभीर रूप से घायल शकुंतला देवी समेत दो लोगों को एयरलिफ्ट कर एम्स ऋषिकेश भेजा गया।

हादसे में वाहन चालक अनिल देबराड़ा (48), कांती देवी (45), रेखा देवी (42), सुमित्रा देवी (50), सुनीता देवी (45), धनेश्वरी देवी (46), सरोजनी देवी (38) और रजनी देवी (25) की मौत हुई है। वहीं, शशि देवी (35), शकुंतला देवी (45), जगदीश सिंह (36), उनकी पत्नी सत्यवती देवी (36) और पुत्री तनिशा (11) घायल हुई हैं।

पौड़ी जिले के रिखणीखाल क्षेत्र में हुए भीषण सड़क हादसे पर प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री ने दुख जताया है। प्रधानमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। साथ ही घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। प्रधानमंत्री ने घोषणा की है कि हादसे में मृतकों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। वहीं, घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी पौड़ी गढ़वाल के रिखणीखाल क्षेत्र के कलवाड़ी में हुए हादसे पर गहरा दुख जताया। उन्होंने दुर्घटना में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की। घायलों को समुचित उपचार उपलब्ध कराने और गंभीर रूप से घायल लोगों को एयरलिफ्ट कर उच्च चिकित्सा केंद्रों तक पहुंचाने को कहा।

Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

Ad Ad

Trending News

Follow Facebook Page

About Us

उत्तराखण्ड की ताज़ा खबरों से अवगत होने हेतु संवाद सूत्र से जुड़ें तथा अपने काव्य व लेखन आदि हमें भेजने के लिए दिये गए ईमेल पर संपर्क करें!

Email: [email protected]

AUTHOR DETAILS –

Name: Deepshikha Gusain
Address: 4 Canal Road, Kaulagarh, Dehradun, Uttarakhand, India, 248001
Phone: +91 94103 17522
Email: [email protected]