उत्तराखण्ड
मुक्त व्यापार समझौतों से वैश्विक बाजारों में बढ़ेगी उत्तराखंड के उत्पादों की पहुंच।

संवादसूत्र देहरादून: उत्तराखंड के उद्यमियों और निर्यातकों को वैश्विक बाजारों से जोड़ने तथा प्रदेश की निर्यात क्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से शुक्रवार को देहरादून में मुक्त व्यापार समझौतों (एफटीए) पर राज्य स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। होटल हयात सेंट्रिक में भारत सरकार के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के विदेश व्यापार महानिदेशालय, दिल्ली के क्षेत्रीय प्राधिकरण और उत्तराखंड सरकार के उद्योग निदेशालय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यशाला में निर्यात संवर्धन, सीमा शुल्क में रियायतों और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में उपलब्ध अवसरों पर मंथन किया गया।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए एमएसएमई मंत्री भरत सिंह चौधरी ने कहा कि मुक्त व्यापार समझौते प्रदेश के उद्यमियों, निर्यातकों और विशेष रूप से सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों के लिए वैश्विक बाजारों में पहुंच बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। ऑस्ट्रेलिया, संयुक्त अरब अमीरात और न्यूजीलैंड जैसे देशों के साथ हुए समझौतों से भारतीय उत्पादों को शून्य अथवा रियायती सीमा शुल्क पर विदेशी बाजारों में प्रवेश के अवसर मिल रहे हैं।
उन्होंने बताया कि उत्तराखंड का निर्यात वर्ष 2017-18 में 10,836 करोड़ रुपये था, जो वर्ष 2025-26 में बढ़कर 13,802 करोड़ रुपये हो गया है। औषधि निर्माण, इंजीनियरिंग उत्पाद, खाद्य प्रसंस्करण, जैविक एवं हर्बल उत्पाद और हस्तशिल्प क्षेत्र का इसमें महत्वपूर्ण योगदान है।
मंत्री ने बताया कि इन्वेस्ट उत्तराखंड सिंगल विंडो पोर्टल के माध्यम से पिछले तीन वर्षों में 6,932 परियोजनाओं के लिए 70,397 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों को सैद्धांतिक स्वीकृति दी गई है। उन्होंने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए पौड़ी, चमोली और अल्मोड़ा में विशेष औद्योगिक पार्क विकसित किए जा रहे हैं। हरिद्वार में 194 करोड़ रुपये की लागत से बहुमंजिला औद्योगिक परिसर बनाया जा रहा है। खुरपिया में 1,100 करोड़ रुपये की लागत से एकीकृत विनिर्माण क्लस्टर स्थापित करने के साथ ही हरिद्वार में मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक्स पार्क और बनबसा में लैंड कस्टम स्टेशन विकसित किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि हाउस ऑफ हिमालयाज और हिमाद्री ब्रांड के माध्यम से प्रदेश के पारंपरिक हस्तशिल्प, ऐपण कला, मोटे अनाज और महिला स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजारों में पहचान दिलाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
महानिदेशक एवं आयुक्त उद्योग सौरभ गहरवार ने प्रदेश के औद्योगिक परिवेश, निवेश की संभावनाओं और निर्यात संवर्धन के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।
भारत सरकार के वाणिज्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव अमित वर्मा और अपर महानिदेशक विदेश व्यापार निखिल वर्मा ने मुक्त व्यापार समझौतों के प्रावधानों, सीमा शुल्क रियायतों, उत्पादों के मूल देश संबंधी नियमों, निर्यात संवर्धन मिशन और डिस्ट्रिक्ट एज एन एक्सपोर्ट हब पहल की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इन प्रावधानों का प्रभावी उपयोग कर भारतीय उत्पादों की अंतरराष्ट्रीय बाजारों में प्रतिस्पर्धात्मकता बढ़ाई जा सकती है।
कार्यशाला के तकनीकी सत्रों में विशेषज्ञों ने कृषि, प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद, हस्तशिल्प, सेवा और इंजीनियरिंग क्षेत्रों में उत्तराखंड के लिए उपलब्ध निर्यात अवसरों पर प्रस्तुतियां दीं। साथ ही निर्यात नीति के तहत वित्तीय प्रोत्साहन, गुणवत्ता प्रमाणन और लॉजिस्टिक्स सुविधाओं की जानकारी भी साझा की गई।
समापन सत्र में उद्यमियों और निर्यातकों ने अधिकारियों के साथ निर्यात प्रक्रिया तथा मुक्त व्यापार समझौतों के व्यावहारिक उपयोग पर चर्चा की और अपने सुझाव रखे। कार्यक्रम में पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री, सीआईआई, इंजीनियरिंग निर्यात संवर्धन परिषद, हस्तशिल्प निर्यात संवर्धन परिषद, एपीडा और सेवा निर्यात संवर्धन परिषद के प्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में उद्यमी एवं निर्यातक मौजूद रहे।



