उत्तराखण्ड
पेंशन से आवास तक, जरूरतमंद परिवारों को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ।

संवादसूत्र देहरादून: राज्य सरकार की ओर से पिछले पांच वर्षों में आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद परिवारों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की गई हैं। वृद्धावस्था, विधवा और दिव्यांग पेंशन से लेकर आवास, मुफ्त रसोई गैस रिफिल और स्वरोजगार के लिए ऋण उपलब्ध कराने तक कई योजनाओं के माध्यम से अलग-अलग वर्गों को आर्थिक सहायता दी जा रही है।
प्रदेश में विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत करीब 9 लाख 99 हजार पात्र लाभार्थियों को प्रतिमाह लगभग 148 करोड़ रुपये की पेंशन डीबीटी के माध्यम से दी जा रही है। इसमें वृद्धावस्था, विधवा और दिव्यांग पेंशन के लाभार्थी शामिल हैं। वृद्धावस्था पेंशन योजना के तहत पात्र वृद्ध दंपति के दोनों सदस्यों को अलग-अलग 1,500 रुपये प्रतिमाह पेंशन देने का प्रावधान है।
पौने दो लाख परिवारों को मुफ्त गैस रिफिल
आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को रसोई खर्च में राहत देने के लिए मुख्यमंत्री अंत्योदय निःशुल्क गैस रिफिल योजना संचालित की जा रही है। इसके तहत लगभग पौने दो लाख गरीब परिवारों को साल में तीन गैस सिलेंडर मुफ्त रिफिल कराने की सुविधा मिल रही है। इसका उद्देश्य गरीब परिवारों को रसोई गैस की उपलब्धता सुनिश्चित करना और घरेलू खर्च का बोझ कम करना है।
एक लाख से अधिक परिवारों को पक्के आवास
आवासहीन परिवारों को पक्की छत उपलब्ध कराने के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत भी कार्य किया जा रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत 53 हजार से अधिक परिवारों को पक्के आवास उपलब्ध कराए जा चुके हैं। वहीं, ग्रामीण क्षेत्रों में वर्ष 2022 से अब तक 39,815 परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) का लाभ मिला है। इसके अतिरिक्त प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत 925 आवासों का निर्माण किया गया है।
33 हजार से अधिक फड़ कारोबारियों को ऋण
छोटे कारोबारियों और रेहड़ी-पटरी पर आजीविका चलाने वाले लोगों को आर्थिक रूप से सक्षम बनाने के लिए पीएम स्वनिधि योजना के तहत 33 हजार से अधिक फड़ कारोबारियों को बैंक ऋण उपलब्ध कराया गया है। इससे उन्हें कारोबार के विस्तार और कार्यशील पूंजी की जरूरतें पूरी करने में सहायता मिल रही है।
इन योजनाओं के माध्यम से पेंशन, आवास, रसोई गैस और स्वरोजगार जैसे क्षेत्रों में आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों तक सहायता पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।



