उत्तराखण्ड
राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता फिल्म ‘ढोली’ की टीम ने गढ़वाल भवन में गढ़वाली समाज से किया संवाद।

संवादसूत्र देहरादून/नई दिल्ली: उत्तराखंड की राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता गढ़वाली फिल्म ‘ढोली’ की टीम ने दिल्ली स्थित गढ़वाल भवन में गढ़वाली समाज के लोगों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान दिल्ली-एनसीआर में रहने वाले गढ़वाली समाज के गणमान्य लोगों, रंगकर्मियों, फिल्म निर्माताओं और कला-संस्कृति से जुड़े लोगों ने फिल्म की टीम के साथ चर्चा की।
कार्यक्रम में फिल्म के निर्देशक दिनेश पी. भोंसले, मुख्य अभिनेता मोहित घिल्डियाल, मुख्य अभिनेत्री दीपा देऊपा, प्रोडक्शन मैनेजर एवं कास्टिंग डायरेक्टर सुनील सिंह तथा वरिष्ठ नाट्यकर्मी अनिल गोयल उपस्थित रहे। वरिष्ठ फिल्म समीक्षक इरफान और अनिल गोयल ने संवाद कार्यक्रम का संचालन किया।
इस दौरान निर्देशक दिनेश पी. भोंसले ने फिल्म की परिकल्पना से लेकर निर्माण तक के सफर और टीम के अनुभव साझा किए। मुख्य अभिनेता मोहित घिल्डियाल ने अपने किरदार की तैयारी के बारे में बताते हुए ढोल बजाना सीखने के अनुभव साझा किए। वहीं अभिनेत्री दीपा देऊपा ने अपने किरदार, फिल्म की कहानी और शूटिंग के दौरान मिले अनुभवों पर बात की।
प्रोडक्शन मैनेजर एवं कास्टिंग डायरेक्टर सुनील सिंह ने फिल्म निर्माण के दौरान आई चुनौतियों, कलाकारों के चयन और व्यवस्थाओं से जुड़ी जानकारियां दीं। इसके बाद उपस्थित लोगों ने फिल्म की विषयवस्तु, निर्माण और इसे अधिक से अधिक दर्शकों तक पहुंचाने के तरीकों पर अपने विचार रखे। फिल्म की टीम ने भी लोगों के सवालों के जवाब दिए।
कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार सुरेश नौटियाल, फिल्म ‘रैबार’ के निर्देशक शिशिर उनियाल, राहुल बडोला, इंदर प्रसाद उनियाल, फिल्म समीक्षक प्रमोद बरमाड़ा, उमाकांत बलूनी, विनोद कुमार रावत, शशि बडोला और गीता उनियाल नेगी सहित अनेक लोग मौजूद रहे।
उपस्थित लोगों ने फिल्म की टीम को राष्ट्रीय स्तर पर मिली उपलब्धि के लिए बधाई दी। साथ ही फिल्म को सिनेमाघरों में अधिक से अधिक दर्शकों तक पहुंचाने के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा भी दिलाया।
गौरतलब है कि गढ़वाली फिल्म ‘ढोली’ ने 43 वर्षों के इतिहास में उत्तराखंड की फिल्म को राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार (रजत कमल) दिलाकर क्षेत्रीय सिनेमा के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। कार्यक्रम में इस बात पर भी जोर दिया गया कि फिल्म को दर्शकों तक पहुंचाने और गढ़वाली सिनेमा को आगे बढ़ाने में समाज की सक्रिय भागीदारी अहम होगी।



