उत्तराखण्ड
दून विश्वविद्यालय में स्व-गणना जागरूकता शिविर, विद्यार्थियों को दी जनगणना-2027 की डिजिटल प्रक्रिया की जानकारी।

संवादसूत्र देहरादून: जनगणना-2027 में डिजिटल भागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जनगणना कार्य निदेशालय, उत्तराखंड की ओर से 26 नवंबर को दून विश्वविद्यालय में स्व-गणना जागरूकता एवं सहायता शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों को ऑनलाइन माध्यम से स्वयं और अपने परिवार की जानकारी दर्ज करने की प्रक्रिया समझाई गई।
जनगणना कार्य निदेशालय, उत्तराखंड की निदेशक ईवा आशीष श्रीवास्तव ने विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं और प्राध्यापकों से संवाद करते हुए डिजिटल स्व-गणना की सुविधा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने युवाओं से तकनीक का उपयोग कर ऑनलाइन पोर्टल पर अपनी और अपने परिवार की जानकारी दर्ज करने के साथ ही आसपास के लोगों को भी इस सुविधा के प्रति जागरूक करने की अपील की।
दून विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. सुरेखा डंगवाल ने निदेशालय की इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षण संस्थानों के युवा समाज में डिजिटल जागरूकता फैलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने विश्वविद्यालय परिवार से राष्ट्रीय जनगणना अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया और निदेशालय को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
शिविर में उप निदेशक आरके बनवारी और निदेशालय की तकनीकी टीम ने ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से स्व-गणना करने की चरणबद्ध प्रक्रिया का सजीव प्रदर्शन किया। इस दौरान कई विद्यार्थियों और शिक्षकों को मौके पर ही अपनी स्व-गणना प्रक्रिया पूरी करने में सहायता दी गई। निदेशालय का उद्देश्य डिजिटल माध्यम से जनगणना के प्रति जागरूकता बढ़ाना और अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करना है।



