Connect with us

न्याय व्यवस्था के आधुनिकीकरण पर जोर, अभियोजन विभाग को मिलेंगे 25 लाख रुपये।

उत्तराखण्ड

न्याय व्यवस्था के आधुनिकीकरण पर जोर, अभियोजन विभाग को मिलेंगे 25 लाख रुपये।

12 विभूतियां सम्मानित, ‘उत्तराखण्ड अभियोजन पत्रिका’ और ‘हमारा राज्य, हमारा कानून’ का विमोचन।

संवादसूत्र देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि संविधान दिवस हमें संविधान के आदर्शों और मूल्यों को अपने व्यवहार एवं कार्यशैली में उतारने की प्रेरणा देता है। कानून का पालन बिना किसी भेदभाव के सुनिश्चित करना और अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करना सरकार की प्राथमिकता है। देवभूमि उत्तराखण्ड में कानून का राज कायम रखने के लिए सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है।

मुख्यमंत्री गुरुवार को पुलिस लाइन देहरादून में संविधान एवं विधि दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने अभियोजन विभाग के लिए तीन महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री ने नए आपराधिक कानूनों के प्रशिक्षण और जनजागरूकता कार्यक्रमों के लिए अभियोजन विभाग को 25 लाख रुपये की अतिरिक्त धनराशि देने की घोषणा की। इसके साथ ही अभियोजन कार्यालयों के आधुनिकीकरण के लिए कंप्यूटर एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा प्रदेश के सभी जनपदों में कार्यालयों की बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने की बात कही।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अभियोजन सेवा आपराधिक न्याय व्यवस्था का महत्वपूर्ण स्तंभ है। अभियोजन अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि वे विवेचना के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों का विधिक परीक्षण कर तथ्यों को न्यायालय के समक्ष निष्पक्षता और मजबूती से प्रस्तुत करें। उनकी विधिक दक्षता, ईमानदारी और पारदर्शिता से आम नागरिकों का न्याय व्यवस्था पर विश्वास मजबूत होता है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विधि, समाजसेवा, चिकित्सा, शिक्षा और अभियोजन के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 12 विभूतियों को सम्मानित किया। इनमें वरिष्ठ अधिवक्ता सीताराम नागलिया, एससी बिरमानी, गोविन्द राम नौटियाल, समाजसेवी कुसुम कण्डवाल, चिकित्सक डॉ. गीता खन्ना, डॉ. महेश कुड़ियाल, ललित जोशी तथा सेवानिवृत्त अभियोजक राम सिंह शर्मा, मनोहर लाल सडाना, सुभाष चन्द्र गुप्ता, त्रेपन सिंह बिष्ट और सुन्दर सिंह गुसाईं शामिल रहे। इस अवसर पर उन्होंने ‘उत्तराखण्ड अभियोजन पत्रिका’ एवं ‘हमारा राज्य, हमारा कानून’ पुस्तकों का विमोचन किया। साथ ही विधि रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और उपस्थित लोगों को संविधान की शपथ दिलाई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने दो वर्ष, 11 माह और 18 दिन के अथक परिश्रम के बाद भारतीय संविधान को अंगीकृत किया था। संविधान निर्माण में बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर और संविधान सभा के सदस्यों का योगदान देश के इतिहास में सदैव स्मरणीय रहेगा।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की आपराधिक न्याय व्यवस्था को आधुनिक और नागरिक केंद्रित बनाने के लिए भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम लागू किए गए हैं। इन कानूनों में पीड़ितों के अधिकारों और समयबद्ध न्याय पर विशेष जोर दिया गया है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार न्याय व्यवस्था को आधुनिक बनाने के लिए नए न्यायालय भवनों के निर्माण, पुराने भवनों के आधुनिकीकरण, ई-फाइलिंग, डिजिटल न्यायालयों और वर्चुअल सुनवाई जैसी सुविधाओं का विस्तार कर रही है। इससे दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों के लोगों को न्याय प्राप्त करने में सुविधा मिल रही है। युवा अधिवक्ताओं के कौशल विकास और महिला अधिवक्ताओं के लिए सुरक्षित एवं सम्मानजनक कार्यस्थल उपलब्ध कराना भी सरकार की प्राथमिकता है।

इस अवसर पर विधायक विनोद चमोली, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कण्डवाल, सचिव गृह शैलेश बगौली, निदेशक अभियोजन एपी अंशुमान सहित अभियोजन एवं पुलिस विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

Ad Ad

Trending News

Follow Facebook Page

About Us

उत्तराखण्ड की ताज़ा खबरों से अवगत होने हेतु संवाद सूत्र से जुड़ें तथा अपने काव्य व लेखन आदि हमें भेजने के लिए दिये गए ईमेल पर संपर्क करें!

Email: [email protected]

AUTHOR DETAILS –

Name: Deepshikha Gusain
Address: 4 Canal Road, Kaulagarh, Dehradun, Uttarakhand, India, 248001
Phone: +91 94103 17522
Email: [email protected]