Connect with us

देहरादून बना रक्षा उत्पादन का नया केंद्र, CM3 MR साइट का स्वदेशी उत्पादन शुरू।

उत्तराखण्ड

देहरादून बना रक्षा उत्पादन का नया केंद्र, CM3 MR साइट का स्वदेशी उत्पादन शुरू।

संवादसूत्र देहरादून: रक्षा उत्पादन के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने और विदेशी आयात पर निर्भरता कम करने की दिशा में उत्तराखंड के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि सामने आई है। इंडिया ऑप्टेल लिमिटेड (IOL) की देहरादून स्थित आयुध निर्माण इकाई में CM3 MR साइट का उत्पादन शुरू हो गया है। बुधवार को आयोजित समारोह में पहली खेप की 21 साइटों को फ्लैग ऑफ किया गया। भविष्य में यहां हजारों साइटों के उत्पादन का लक्ष्य रखा गया है।

इस उपलब्धि को भारत के रक्षा औद्योगिक क्षेत्र में तकनीकी क्षमता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। फ्रांस की अंतरराष्ट्रीय कंपनी साफ्रान (Safran) के साथ रणनीतिक साझेदारी के तहत इस उत्पाद का निर्माण देश में शुरू किया गया है। इससे अत्याधुनिक रक्षा तकनीकों के स्वदेशी उत्पादन को बढ़ावा मिलने के साथ आयात पर निर्भरता कम करने में मदद मिलेगी।

इस अवसर पर इंडिया ऑप्टेल लिमिटेड की अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक शर्मिष्ठा कौल शर्मा ने कहा कि CM3 MR साइट का उत्पादन शुरू होना कंपनी के लिए बड़ी उपलब्धि है। यह केवल नए उत्पाद के निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि भारत के रक्षा औद्योगिक तंत्र में कंपनी की भूमिका को मजबूत करने वाला कदम है।

उन्होंने कहा कि साफ्रान के साथ पिछले वर्ष हुआ समझौता अब महत्वपूर्ण मुकाम तक पहुंचा है। आधुनिक रक्षा उत्पादन में तकनीकी सहयोग और रणनीतिक साझेदारी की अहम भूमिका है। एलएंडटी और साफ्रान जैसी कंपनियों के साथ सहयोग के माध्यम से देश में विशिष्ट रक्षा तकनीकों के निर्माण को बढ़ावा दिया जा रहा है।

शर्मिष्ठा कौल शर्मा ने आयुध निर्माणी देहरादून के अधिकारियों, कर्मचारियों और उत्पादन से जुड़ी पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि किसी भी उत्पाद की सफलता उसकी गुणवत्ता और समयबद्ध आपूर्ति पर निर्भर करती है। उन्होंने उच्च गुणवत्ता मानकों को बनाए रखने और उत्पादन क्षमता में निरंतर सुधार करने पर जोर दिया।

उन्होंने बताया कि अक्टूबर के अंत में चंडीगढ़ से के-9 वज्र कार्यक्रम के लिए इनर्शियल नेविगेशन सिस्टम (INS) की पहली खेप रवाना की गई थी। अब देहरादून से CM3 MR साइटों का पहला बैच भेजा जा रहा है। ये उपलब्धियां के-9 वज्र परियोजना में इंडिया ऑप्टेल लिमिटेड की बढ़ती भूमिका को दर्शाती हैं।

उन्होंने विश्वास जताया कि आयुध निर्माणी देहरादून की टीम अपनी तकनीकी दक्षता और मेहनत से आने वाले समय में हजारों CM3 MR साइटों का उत्पादन करने में सफल होगी। इससे देश की रक्षा जरूरतों को पूरा करने के साथ कर्मचारियों के लिए कौशल विकास और रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।

इस अवसर पर आयुध निर्माणी देहरादून के मुख्य महाप्रबंधक सीएस ठाकुर ने इसे इकाई के लिए गौरव का क्षण बताया। अपर महाप्रबंधक राघव गुप्ता ने उत्पाद की तकनीकी विशेषताओं और उत्पादन शुरू करने के लिए किए गए प्रयासों की जानकारी दी।

Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

Ad Ad

Trending News

Follow Facebook Page

About Us

उत्तराखण्ड की ताज़ा खबरों से अवगत होने हेतु संवाद सूत्र से जुड़ें तथा अपने काव्य व लेखन आदि हमें भेजने के लिए दिये गए ईमेल पर संपर्क करें!

Email: [email protected]

AUTHOR DETAILS –

Name: Deepshikha Gusain
Address: 4 Canal Road, Kaulagarh, Dehradun, Uttarakhand, India, 248001
Phone: +91 94103 17522
Email: [email protected]