आपदा
राज्य में 28 नवंबर को 300 जगह एक साथ बजेगा आपदा अलर्ट, होगी मेगा मॉक ड्रिल।

संवादसूत्र देहरादून: सिल्क्यारा टनल रेस्क्यू अभियान की सफलता की वर्षगांठ के अवसर पर 28 नवंबर को मनाए जाने वाले राज्य आपदा प्रबंधन दिवस के तहत उत्तराखंड में व्यापक स्तर पर तैयारियां शुरू हो गई हैं। बुधवार को उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (यूएसडीएमए) के राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र में राज्य स्तरीय टेबल टॉप एक्सरसाइज आयोजित की गई। इसमें प्रदेश के सभी 13 जनपदों के अधिकारियों और संबंधित विभागों ने प्रतिभाग कर आपदा की स्थिति में अपनी तैयारियों, संसाधनों और आपसी समन्वय का परीक्षण किया।
अभ्यास की अध्यक्षता सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने की। इस दौरान भूकंप, भूस्खलन, बाढ़ सहित विभिन्न संभावित आपदा परिदृश्यों को सामने रखकर राहत एवं बचाव की तैयारियों की समीक्षा की गई। साथ ही आपातकालीन संचार व्यवस्था, संसाधनों की उपलब्धता, घायलों को चिकित्सा सुविधा पहुंचाने, प्रभावित लोगों की सुरक्षित निकासी और कमांड एवं नियंत्रण व्यवस्था का भी आकलन किया गया।
सचिव विनोद कुमार सुमन ने कहा कि टेबल टॉप एक्सरसाइज का उद्देश्य वास्तविक आपदा के दौरान प्रतिक्रिया व्यवस्था की तत्परता और प्रभावशीलता को परखना है। आपदा के समय कुछ मिनट भी महत्वपूर्ण होते हैं। इसलिए प्रत्येक जनपद में सभी एजेंसियों की जिम्मेदारियां, संसाधनों की उपलब्धता और त्वरित कार्रवाई की व्यवस्था स्पष्ट होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि सिल्क्यारा टनल रेस्क्यू अभियान ने सिखाया है कि चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में मजबूत समन्वय, विशेषज्ञता, त्वरित निर्णय और संसाधनों का प्रभावी उपयोग जीवन बचाने में निर्णायक साबित होता है।
300 स्थानों पर एक साथ होगी मॉक ड्रिल
28 नवंबर को प्रदेश के सभी 13 जनपदों में राज्यव्यापी मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। इसके तहत राज्य से लेकर तहसील और स्थानीय स्तर तक लगभग 250 से 300 स्थानों पर एक साथ आपदा एवं आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने का अभ्यास होगा। इसमें भूकंप, भूस्खलन, बादल फटना, अचानक बाढ़, ग्लेशियल लेक आउटबर्स्ट फ्लड (जीएलओएफ), हिमस्खलन, अतिवृष्टि, जंगल की आग, टनल दुर्घटना, सड़क हादसे, भवन क्षति, औद्योगिक एवं रासायनिक दुर्घटनाओं सहित कई परिस्थितियों को शामिल किया जाएगा।
राहत शिविरों की व्यवस्थाएं भी परखी जाएंगी
मॉक ड्रिल में राहत शिविरों की स्थापना और संचालन का अभ्यास भी होगा। शिविरों में बिजली, पेयजल, भोजन, प्राथमिक चिकित्सा, शिशु आहार और गर्भवती महिलाओं के लिए जरूरी सुविधाओं की उपलब्धता जांची जाएगी। महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के लिए पुलिस एवं होमगार्ड की तैनाती का भी परीक्षण किया जाएगा।
समुदाय की भागीदारी पर रहेगा जोर
इस बार मॉक ड्रिल में स्थानीय समुदाय की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। इसके लिए पूर्व सैनिकों, पूर्व अर्द्धसैनिक बलों, आपदा मित्रों, स्वयंसेवी संस्थाओं, एनसीसी, एनएसएस और रेडक्रॉस से जुड़े लोगों को शामिल किया जाएगा। सचिव ने कहा कि आपदा के समय स्थानीय समुदाय सबसे पहले प्रतिक्रिया देने वाली इकाई होता है। इसलिए उसे प्रशिक्षित और सक्षम बनाना जरूरी है।
आधुनिक उपकरणों का होगा प्रदर्शन
मॉक ड्रिल के दौरान एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, पुलिस, अग्निशमन सेवा और स्वास्थ्य विभाग सहित विभिन्न एजेंसियां आधुनिक खोज एवं बचाव उपकरणों, संचार प्रणालियों और आपदा प्रतिक्रिया वाहनों का प्रदर्शन करेंगी। सरकारी कार्यालयों में अग्निशमन उपकरणों, आपातकालीन निकासी व्यवस्था और कर्मचारियों की तैयारियों की समीक्षा होगी। विद्यालयों में भी मॉक ड्रिल, जागरूकता कार्यक्रम और विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
सचिव विनोद कुमार सुमन ने सभी जिलाधिकारियों और संबंधित विभागों को मॉक ड्रिल गंभीरता से आयोजित करने तथा स्थानीय लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने आमजन से भी अभ्यास को गंभीरता से लेने और प्रशासन एवं बचाव दलों का सहयोग करने की अपील की।



