उत्तराखण्ड
मुख्यमंत्री ने सुनीं जनसमस्याएं, अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश।

संवादसूत्र देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्यसेवक सदन में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान लोगों ने सड़क, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा, भूमि विवाद, आर्थिक सहायता, पेंशन और जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी समस्याएं मुख्यमंत्री के सामने रखीं।
मुख्यमंत्री ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं का समाधान राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। अधिकारियों को संवेदनशीलता और तत्परता के साथ काम करना होगा, ताकि आमजन को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें।
मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री कार्यालय के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी प्रकरणों को संबंधित विभागों को भेजकर उनका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए और अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए।
उन्होंने दूरस्थ एवं पर्वतीय क्षेत्रों के लोगों की समस्याओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुए कहा कि सरकार का प्रयास है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचे और आमजन को सरकारी सेवाओं का लाभ आसानी से मिल सके।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ‘धन्य धन्य धामी जी’ गीत एवं पोस्टर का विमोचन भी किया। गीत को निर्मल अनुरागी और अंजलि अनुरागी ने अपनी आवाज दी है, जबकि इसका संगीत निर्देशन रणजीत सिंह ने किया है।



