उत्तराखण्ड
अखिलेश यादव के बयान पर धामी ने कांग्रेस से मांगा जवाब, बोले- उत्तराखंड के मान-सम्मान से बड़ा कुछ नहीं।

संवादसूत्र देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर नगर निगम की ओर से आयोजित शोभायात्रा कार्यक्रम में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के उत्तराखंड के लोगों को घुसपैठिया कहने संबंधी बयान पर कांग्रेस से अपना रुख स्पष्ट करने को कहा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी का गठबंधन है। ऐसे में कांग्रेस को स्पष्ट करना चाहिए कि क्या वह अखिलेश यादव के बयान से सहमत है। यदि कांग्रेस इस बयान से सहमत नहीं है तो उसे खुलकर अपनी बात रखनी चाहिए। उन्होंने कहा कि गठबंधन की अपनी मजबूरियां हो सकती हैं, लेकिन उत्तराखंड की जनता की ऐसी कोई मजबूरी नहीं है कि वह किसी को यहां पैर जमाने का अवसर दे। उत्तराखंड के मान-सम्मान और गौरव से बढ़कर कुछ नहीं है।
धामी ने अपने संबोधन में मुजफ्फरनगर, मसूरी और खटीमा गोलीकांड का भी जिक्र किया। उन्होंने इन घटनाओं का उल्लेख करते हुए कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर सवाल उठाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के इतिहास और राज्य आंदोलन से जुड़ी घटनाओं को भुलाया नहीं जा सकता।
मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल का उल्लेख करते हुए कहा कि उनका जन्म उत्तराखंड में हुआ है। उन्होंने अपना पूरा जीवन भारत की ताकत बढ़ाने, देश की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और राष्ट्र की सेवा में समर्पित किया है।
धामी ने कहा कि उत्तराखंड की पहचान, सम्मान और गौरव सर्वोपरि हैं। राज्य के लोगों के सम्मान से जुड़े मुद्दों पर किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जा सकता।



