Connect with us

पांच साल में बदली उत्तराखण्ड की तस्वीर, विकास और सुशासन को मिली नई रफ्तार।

उत्तराखण्ड

पांच साल में बदली उत्तराखण्ड की तस्वीर, विकास और सुशासन को मिली नई रफ्तार।

संवादसूत्र देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखण्ड ने पिछले पांच वर्षों में विकास के विभिन्न क्षेत्रों में नए आयाम स्थापित किए हैं। सरकार ने योजनाएं बनाने के साथ उनके प्रभावी क्रियान्वयन और लाभ आमजन तक पहुंचाने पर विशेष ध्यान दिया है। वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प के अनुरूप विकसित, आत्मनिर्भर और समृद्ध उत्तराखण्ड का निर्माण सरकार का लक्ष्य है।

मुख्यमंत्री गुरुवार को आईएसबीटी देहरादून स्थित एक निजी होटल में आयोजित कार्यक्रम में राज्य सरकार के पांच वर्षों के कार्यों का रिपोर्ट कार्ड जारी करने के अवसर पर संबोधित कर रहे थे। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, महिला सशक्तीकरण, किसान कल्याण, उद्योग, निवेश, पर्यटन, ऊर्जा, कनेक्टिविटी, कानून व्यवस्था और आपदा प्रबंधन सहित विभिन्न क्षेत्रों में सरकार की उपलब्धियों का ब्यौरा प्रस्तुत किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में 36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। युवाओं को वैश्विक रोजगार से जोड़ने के लिए जर्मन और जापानी भाषा प्रशिक्षण के 158 केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। अक्टूबर 2026 तक 106 युवाओं को विदेश में रोजगार मिला है। मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना के तहत 11 हजार छात्र-छात्राओं को निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग से जोड़ने की प्रक्रिया चल रही है। शिक्षा के क्षेत्र में उत्तराखण्ड राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 लागू करने वाला देश का पहला राज्य बना है। राज्य देश का छठा पूर्ण साक्षर राज्य भी बन चुका है।

महिला सशक्तीकरण का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में 3.10 लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण दिया गया है। स्वयं सहायता समूहों से 5.19 लाख से अधिक महिलाएं जुड़ी हैं और 70,767 समूह गठित किए गए हैं। नंदा गौरा योजना के तहत चार लाख से अधिक बेटियों को लाभान्वित किया गया है। वहीं, सामाजिक सुरक्षा पेंशन के माध्यम से लगभग 10 लाख लाभार्थियों को प्रतिमाह करीब 148 करोड़ रुपये डीबीटी से दिए जा रहे हैं।

किसान कल्याण के लिए तीन लाख रुपये तक ब्याजमुक्त ऋण, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत आठ लाख से अधिक किसानों को तीन हजार करोड़ रुपये से अधिक की सहायता और मंडुआ का 5,200 रुपये प्रति कुंतल समर्थन मूल्य निर्धारित किया गया है। पॉलीहाउस निर्माण के लिए 200 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। मुख्यमंत्री ने बताया कि ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में प्राप्त 3.56 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों में से एक लाख करोड़ रुपये से अधिक के प्रस्ताव धरातल पर उतर चुके हैं। निवेश को बढ़ावा देने के लिए 30 से अधिक नई नीतियां बनाई गई हैं।

स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार पर उन्होंने कहा कि अटल आयुष्मान योजना के तहत 63.32 लाख कार्ड बनाए गए हैं। इसके माध्यम से 17.36 लाख से अधिक मरीजों को 3,717 करोड़ रुपये से अधिक का कैशलेस उपचार मिला है। प्रदेश में छह राजकीय मेडिकल कॉलेज संचालित हैं, जिनमें तीन पिछले पांच वर्षों में शुरू हुए हैं। किच्छा में एम्स के सैटेलाइट सेंटर का निर्माण अंतिम चरण में है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड आजादी के बाद समान नागरिक संहिता लागू करने वाला देश का पहला राज्य बना है। भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता के लिए सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। अतिक्रमण के विरुद्ध कार्रवाई में 13 हजार एकड़ से अधिक भूमि मुक्त कराई गई है। अपणि सरकार पोर्टल के माध्यम से 900 से अधिक सरकारी सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध कराई जा रही हैं।

उन्होंने सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि करीब 12 हजार करोड़ रुपये की लागत से दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर का निर्माण पूरा हो चुका है। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना का लगभग 75 प्रतिशत कार्य पूरा हो गया है। चारधाम यात्रा में इस वर्ष 65 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। मानसखंड मंदिर माला मिशन के तहत 48 मंदिरों का विकास किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने 38वें राष्ट्रीय खेलों के सफल आयोजन और प्रदेश के खिलाड़ियों द्वारा 103 पदक जीतने को भी महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में सिलक्यारा सुरंग में फंसे 41 श्रमिकों को सुरक्षित निकालना और केदारनाथ क्षेत्र में 15 हजार से अधिक लोगों का रेस्क्यू राज्य की क्षमता और प्रतिबद्धता का उदाहरण है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का संकल्प विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और युवाओं, महिलाओं, किसानों तथा कमजोर वर्गों के लिए नए अवसर तैयार करना है।

कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा, डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, तीरथ सिंह रावत, त्रिवेंद्र सिंह रावत, राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, मंत्रीगण, विधायकगण और अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

Ad Ad

Trending News

Follow Facebook Page

About Us

उत्तराखण्ड की ताज़ा खबरों से अवगत होने हेतु संवाद सूत्र से जुड़ें तथा अपने काव्य व लेखन आदि हमें भेजने के लिए दिये गए ईमेल पर संपर्क करें!

Email: [email protected]

AUTHOR DETAILS –

Name: Deepshikha Gusain
Address: 4 Canal Road, Kaulagarh, Dehradun, Uttarakhand, India, 248001
Phone: +91 94103 17522
Email: [email protected]