Connect with us

मुख्यमंत्री की चार घोषणाएं, आपदा प्रबंधन तंत्र होगा मजबूत।

उत्तराखण्ड

मुख्यमंत्री की चार घोषणाएं, आपदा प्रबंधन तंत्र होगा मजबूत।

संवादसूत्र देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को सचिवालय में प्रथम आपदा प्रबंधन दिवस के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में प्रदेश के आपदा प्रबंधन तंत्र को मजबूत बनाने के लिए चार महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि भूतपूर्व सैनिकों, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों, पुलिस तथा अन्य वर्दीधारी सेवाओं के सेवानिवृत्त कार्मिकों को आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इनके माध्यम से आमजन को आपदाओं से बचाव के प्रति जागरूक किया जाएगा। प्रथम चरण में अधिक छात्र संख्या वाले विद्यालयों, महाविद्यालयों और अन्य शिक्षण संस्थानों में प्रत्येक एक हजार विद्यार्थियों पर एक शिक्षक को आपदा मित्र अथवा आपदा प्रबंधन विशेषज्ञ के रूप में प्रशिक्षित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आवासीय भवनों में दुर्घटनावश आग लगने की घटनाओं को आपदा के रूप में स्वीकार किया जाएगा। ऐसे अग्निकांड से प्रभावित लोगों को राज्य आपदा मोचन निधि (एसडीआरएफ) के मानकों के अनुरूप राहत राशि दी जाएगी। इसके साथ ही आपदाओं और सड़क दुर्घटनाओं के दौरान निःस्वार्थ भाव से राहत एवं बचाव कार्यों में सहयोग करने वाले लोगों को पुरस्कृत किया जाएगा।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने घटना प्रतिक्रिया प्रणाली (आईआरएस) पुस्तिका और उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन योजना 2026-27 का विमोचन भी किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की विषम भौगोलिक परिस्थितियों के कारण आपदा प्रबंधन हमेशा चुनौतीपूर्ण रहा है। प्रदेश को विभिन्न प्रकार की प्राकृतिक आपदाओं का सामना करना पड़ता है। ऐसे में जनजागरूकता बढ़ाने के साथ ही प्रत्येक स्तर पर पूर्व तैयारियों को मजबूत करना जरूरी है। आपदा प्रबंधन से विद्यार्थियों को भी जोड़ा जा रहा है, ताकि वे आपात परिस्थितियों में अपनी और दूसरों की सुरक्षा के प्रति जागरूक रहें।

सिलक्यारा सुरंग बचाव अभियान का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 12 नवंबर 2023 को दीपावली के दिन सुरंग में 41 श्रमिक फंस गए थे। उन्हें सुरक्षित बाहर निकालना बड़ी चुनौती थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न एजेंसियों ने बेहतर समन्वय के साथ अभियान चलाया। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों की मदद से विभिन्न वैकल्पिक उपायों पर काम किया गया। करीब 17 दिनों के अथक प्रयासों के बाद 28 नवंबर 2023 को सभी 41 श्रमिकों को सकुशल बाहर निकाल लिया गया। यह अभियान साहस, धैर्य, मानवीय संवेदनशीलता और बेहतर समन्वय की ऐतिहासिक मिसाल है।

मुख्यमंत्री ने भूकंप की दृष्टि से उत्तराखंड की संवेदनशीलता को देखते हुए भूकंप से बचाव के लिए नियमित मॉक ड्रिल आयोजित करने पर भी जोर दिया।

मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने कहा कि आपदा के प्रभाव को कम करने के लिए पूर्व तैयारियों, त्वरित प्रतिक्रिया और आपदा के बाद पुनर्वास एवं पुनर्निर्माण पर विशेष ध्यान देना होगा। आपदा प्रभावित अंतिम व्यक्ति तक समय पर सहायता पहुंचाना सरकार का उद्देश्य होना चाहिए। उन्होंने आधुनिक तकनीक के उपयोग, स्थानीय समुदायों की सहभागिता और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर बल दिया।

सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से प्रदेश में आपदा प्रबंधन की तैयारियों और भविष्य की कार्ययोजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 133 त्वरित प्रतिक्रिया दल (क्यूआरटी) गठित किए गए हैं, जिनमें 2250 सदस्य शामिल हैं। भूकंप की पूर्व चेतावनी के लिए 169 सेंसर और 112 सायरन स्थापित किए गए हैं।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, सतपाल महाराज, गणेश जोशी, धन सिंह रावत, खजान दास, प्रदीप बत्रा, भरत सिंह चौधरी सहित शासन और आपदा प्रबंधन से जुड़े वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। प्रदेश के सभी जिलाधिकारी तथा विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के छात्र-छात्राएं भी वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े।

Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

Ad Ad

Trending News

Follow Facebook Page

About Us

उत्तराखण्ड की ताज़ा खबरों से अवगत होने हेतु संवाद सूत्र से जुड़ें तथा अपने काव्य व लेखन आदि हमें भेजने के लिए दिये गए ईमेल पर संपर्क करें!

Email: [email protected]

AUTHOR DETAILS –

Name: Deepshikha Gusain
Address: 4 Canal Road, Kaulagarh, Dehradun, Uttarakhand, India, 248001
Phone: +91 94103 17522
Email: [email protected]