उत्तराखण्ड
सौंग और जमरानी बांध परियोजनाओं में तेजी लाने के निर्देश, समयसीमा में पूरे हों कार्य : मुख्य सचिव।

संवादसूत्र देहरादून: मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने सौंग और जमरानी बांध परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्माण कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने दोनों परियोजनाओं के प्रभावी अनुश्रवण के लिए अधीक्षण अभियंता स्तर के अधिकारी को डेडिकेटेड प्रोजेक्ट मैनेजर के रूप में तैनात करने को कहा। साथ ही निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता नहीं करने के निर्देश दिए।
गुरुवार को सचिवालय में आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्य सचिव ने दोनों परियोजनाओं की वित्तीय एवं भौतिक प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि बांधों से विकसित होने वाले जलाशयों और आसपास के क्षेत्रों को पर्यटन की दृष्टि से भी विकसित करने की संभावनाओं पर काम किया जाए।
जमरानी बांध परियोजना की समीक्षा करते हुए मुख्य सचिव ने कॉफर डैम का निर्माण मार्च 2027 तक अनिवार्य रूप से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी के लिए फोटोग्राफ और वीडियो स्टेट प्रगति पोर्टल पर अपलोड करने को कहा। इसके अलावा कंक्रीटिंग और उत्खनन कार्यों की समयसीमा दर्शाते हुए विस्तृत पीईआरटी चार्ट तैयार कर आगामी उच्चाधिकार प्राप्त समिति की बैठक में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
सौंग बांध परियोजना के कार्यों को भी मार्च तक निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप पूरा करने को कहा गया। मुख्य सचिव ने पुनर्वास से जुड़े कार्यों की अग्रिम तैयारियां पूरी करने और परियोजनाओं की संशोधित लागत का अनुमोदन एक ही बार में प्राप्त करने के लिए सभी औपचारिकताएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए। केंद्रीय जल आयोग सहित संबंधित संस्थाओं से परीक्षण और अनुमोदन की प्रक्रिया भी पहले ही पूरी करने को कहा, ताकि निर्माण कार्यों में देरी न हो।
सौंग बांध परियोजना के तहत 130.60 मीटर ऊंचे बांध, 150 एमएलडी क्षमता के वाटर ट्रीटमेंट प्लांट और करीब 88 किलोमीटर लंबी फीडर मेन का निर्माण किया जाना है। परियोजना की शेष लागत के लिए 2,491.96 करोड़ रुपये की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति दी जा चुकी है। मुख्य बांध का निर्माण नवंबर 2029 तक पूरा करने का लक्ष्य है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में परियोजना की भौतिक प्रगति निर्धारित 30 प्रतिशत लक्ष्य के मुकाबले 21 प्रतिशत दर्ज की गई है।
वहीं, जमरानी बांध परियोजना में कार्यालय एवं आवासीय भवनों तथा सर्विस रोड सहित आधारभूत ढांचे का 90 प्रतिशत, डायवर्जन टनल का 80 प्रतिशत और क्रशिंग, बैचिंग एवं मिक्सिंग प्लांट की स्थापना का 75 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। कॉफर डैम का 50 प्रतिशत और स्ट्रिपिंग फाउंडेशन एवं एबटमेंट का 40 प्रतिशत काम पूरा किया जा चुका है। परियोजना प्रभावित परिवारों के पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन का 84 प्रतिशत कार्य भी पूरा हो गया है। बांध का निर्माण जून 2029 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
बैठक में प्रमुख सचिव आरके सुधांशु, आर मीनाक्षी सुंदरम, डॉ. रणवीर सिंह चौहान सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।



