उत्तराखण्ड
उत्तराखण्ड में कानूनों के जरिए जवाबदेही तय करने की पहल, यूसीसी से भू-कानून तक लिए गए अहम फैसले।

संवादसूत्र देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के पांच साल के कार्यकाल में उत्तराखण्ड में कानूनों में बदलाव और नए कानूनी प्रावधान लागू करने से जुड़े कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए हैं। समान नागरिक संहिता (यूसीसी), सख्त नकल विरोधी कानून, धर्मांतरण विरोधी कानून और भू-कानून के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों में कानूनी जवाबदेही और नियमन की व्यवस्था लागू की गई है।
उत्तराखण्ड 27 जनवरी 2025 को समान नागरिक संहिता लागू करने वाला स्वतंत्र भारत का पहला राज्य बना। इसके तहत विवाह, तलाक, उत्तराधिकार और लिव-इन रिलेशनशिप जैसे विषयों को लेकर समान कानूनी प्रावधान किए गए हैं।
भर्ती परीक्षाओं में नकल और पेपर लीक की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए वर्ष 2023 में सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया। इसके तहत संगठित रूप से परीक्षा में गड़बड़ी करने वाले गिरोहों और संस्थाओं के लिए आजीवन कारावास तक की सजा तथा 10 करोड़ रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान है। अवैध रूप से अर्जित संपत्ति जब्त करने और दोषियों को भर्ती परीक्षाओं से प्रतिबंधित करने की व्यवस्था भी की गई है।
धर्मांतरण के मामलों में भी कानूनी प्रावधानों को सख्त किया गया। वर्ष 2022 में धर्मांतरण विरोधी कानून में संशोधन कर बल, प्रलोभन, धोखाधड़ी, अनुचित प्रभाव, दबाव अथवा विवाह के माध्यम से अवैध धर्म परिवर्तन पर रोक लगाने के प्रावधान किए गए।
सार्वजनिक और निजी संपत्तियों को नुकसान पहुंचाने की घटनाओं पर जवाबदेही तय करने के लिए उत्तराखण्ड लोक एवं निजी संपत्ति क्षति वसूली अधिनियम, 2024 लागू किया गया। इसके तहत दंगों, बंद और विरोध प्रदर्शनों के दौरान संपत्ति को हुए नुकसान का आकलन कर जिम्मेदार लोगों से मुआवजा वसूलने के लिए दावा अधिकरण गठित करने की व्यवस्था की गई है।
भूमि की खरीद-बिक्री को नियंत्रित करने के उद्देश्य से भू-कानून में भी बदलाव किए गए हैं। इसके तहत हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर को छोड़कर प्रदेश के 11 पर्वतीय जिलों में बाहरी राज्यों के लोगों के लिए कृषि एवं उद्यान भूमि की खरीद पर प्रतिबंध लगाया गया है।
सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने के अभियान के तहत 13 हजार एकड़ से अधिक भूमि मुक्त कराई गई है। वहीं, धार्मिक भावनाओं का दुरुपयोग कर लोगों को ठगने वाले छद्मवेशधारियों के विरुद्ध कार्रवाई के लिए ऑपरेशन कालनेमि शुरू किया गया है।
सरकार की ओर से इन फैसलों को कानून व्यवस्था मजबूत करने, सार्वजनिक संपत्तियों की सुरक्षा, भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और भूमि संसाधनों के संरक्षण से जुड़ी पहल के रूप में प्रस्तुत किया गया है।



