Connect with us

हरिद्वार कुम्भ-2027 में डेढ़ लाख श्रद्धालुओं की होगी निःशुल्क नेत्र जांच, 10 हजार ऑपरेशन का लक्ष्य।

उत्तराखण्ड

हरिद्वार कुम्भ-2027 में डेढ़ लाख श्रद्धालुओं की होगी निःशुल्क नेत्र जांच, 10 हजार ऑपरेशन का लक्ष्य।

संवादसूत्र देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को राजकीय दून मेडिकल कॉलेज, पटेलनगर में आयोजित नेत्र कुम्भ-2027 के शंखनाद कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने नेत्र कुम्भ के आयोजन के लिए सक्षम और सहयोगी संस्थाओं के प्रयासों की सराहना करते हुए इसे मानव सेवा और परोपकार की भारतीय सांस्कृतिक परंपरा को आगे बढ़ाने वाला महत्वपूर्ण अभियान बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरिद्वार में आगामी कुम्भ के अवसर पर 12 जनवरी से 25 फरवरी तक 45 दिवसीय नेत्र चिकित्सा महाशिविर आयोजित किया जाएगा। इसके तहत डेढ़ लाख श्रद्धालुओं की निःशुल्क नेत्र जांच, एक लाख चश्मों का वितरण और 10 हजार नेत्र ऑपरेशन करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। शिविर में जरूरतमंदों को निःशुल्क दवाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने आयोजन समिति को आश्वस्त किया कि अभियान की सफलता के लिए राज्य सरकार और कुम्भ मेला प्रशासन हर संभव सहयोग प्रदान करेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सनातन संस्कृति में कुम्भ केवल आस्था और आध्यात्मिक चेतना का पर्व नहीं, बल्कि सेवा, सहयोग और सामाजिक समरसता का भी प्रतीक है। हमारी संस्कृति में नर सेवा को नारायण सेवा माना गया है। नेत्र कुम्भ इसी भावना को धरातल पर उतारने का सराहनीय प्रयास है।

उन्होंने कहा कि आर्थिक अभाव और चिकित्सा सुविधाओं की कमी के कारण आज भी अनेक लोग समय पर आंखों की जांच और उपचार नहीं करा पाते। ऐसे लोगों तक निःशुल्क चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाना पुनीत कार्य है। बेहतर नेत्र उपचार से व्यक्ति की जीवन गुणवत्ता, आत्मनिर्भरता और आत्मविश्वास में वृद्धि होती है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि नेत्र कुम्भ की सेवा यात्रा वर्ष 2019 में प्रयागराज कुम्भ से शुरू हुई थी। इसके बाद हरिद्वार कुम्भ, प्रयागराज महाकुम्भ और राजस्थान के रामदेवरा में भी इसका आयोजन किया गया। इन शिविरों के माध्यम से लाखों लोगों की निःशुल्क नेत्र जांच और हजारों लोगों के ऑपरेशन किए जा चुके हैं। हरिद्वार में 2027 में होने वाला आयोजन इस अभियान को और व्यापक बनाएगा।

उन्होंने कहा कि आगामी हरिद्वार कुम्भ में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। राज्य सरकार कुम्भ के भव्य, दिव्य और सुरक्षित आयोजन के लिए तैयारियों में जुटी है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सुगम यातायात और पैदल आवागमन की व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं और चिकित्सा जगत से जुड़े लोगों से नेत्र कुम्भ के सेवा अभियान में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।

कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल, हंस फाउंडेशन की संस्थापक माता मंगला, महेंद्र कुमार, सक्षम के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो. दयाल सिंह पंवार, आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉ. संदीप जैन, ललित प्रसाद पंत, सुरेंद्र मित्तल, डॉ. अनुज सिंघल सहित विभिन्न सामाजिक एवं स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

Ad Ad

Trending News

Follow Facebook Page

About Us

उत्तराखण्ड की ताज़ा खबरों से अवगत होने हेतु संवाद सूत्र से जुड़ें तथा अपने काव्य व लेखन आदि हमें भेजने के लिए दिये गए ईमेल पर संपर्क करें!

Email: [email protected]

AUTHOR DETAILS –

Name: Deepshikha Gusain
Address: 4 Canal Road, Kaulagarh, Dehradun, Uttarakhand, India, 248001
Phone: +91 94103 17522
Email: [email protected]